मथुरा में गौ रक्षक फरसा वाले बाबा की मौत के बाद भारी बवाल, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने सवाल उठाया
x
गौरक्षक फरसा वाले बाबा की मौत के बाद बवाल

मथुरा में गौ रक्षक फरसा वाले बाबा की मौत के बाद भारी बवाल, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने सवाल उठाया

फरसा वाले बाबा गौ तस्करी के शक में एक ट्रक का पीछा कर रहे थे और उन्होंने ट्रक को रोका।आरोप है कि गौ तस्करों ने उनके ऊपर ट्रक चढ़ाकर उनकी हत्या कर दी।इस पर स्थानीय लोगों और गोभक्तों में भारी आक्रोश फैल गया।


Cow vigilante’s death triggers uproar in Mathura : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में गोरक्षक चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ को एक ट्रक ने कुचल दिया।इसके बाद बवाल बढ़ गया और ग्रामीणों ने हाइवे को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।जाम खुलवाने पहुंची पुलिस पर लोगों ने पथराव कर दिया जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।इधर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने इस मुद्दे पर सवाल उठाते हुए सरकार से कहा है कि दोषियों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाए।सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी योगी सरकार को घेरा है।

गौरक्षक बाबा पर ट्रक चढ़ाने का आरोप-

गोरक्षक 'फरसा वाले बाबा’ को कुचलने की घटना मथुरा के कोसीकलां थाना क्षेत्र के नवीपुर गांव के पास दिल्ली-आगरा हाईवे पर बीती रात हुई। बाबा गौ तस्करी के शक में एक ट्रक का पीछा कर रहे थे और उन्होंने एक ट्रक को रोका।आरोप है कि तस्करों ने उनके ऊपर ट्रक चढ़ाकर उनकी हत्या कर दी।इस पर स्थानीय लोगों और गोभक्तों में भारी आक्रोश फैल गया।लोगों ने दिल्ली-मथुरा हाईवे को घंटों जाम रखा। मथुरा में राष्ट्रपति का दौरा होने और उनके उस क्षेत्र में मौजूद होने को वजह से भी पुलिस और प्रशासन के हाथ पैर फूल गए।मौके पर पहुँची पुलिस ने स्थानीय लोगों को समझाने की कोशिश की तो भीड़ उग्र हो गई।भीड़ दोषियों के एनकाउंटर की माँग कर रही थी।

तोड़फोड़ और पथराव के बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रण में किया-

आक्रोशित भीड़ ने वाहनों में तोड़फोड़ कर दी और पथराव शुरू कर दिया।स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया और आंसू गैस के गोले दागे।पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक उपद्रवियों को हिरासत में लिया है।घंटों की मशक्कत के बाद हाईवे खोला जा सका।पुलिस ने फरसे वाले बाबा का अंतिम संस्कार कड़ी सुरक्षा में पूरा किया जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।ज़िला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि बाबा की गोशाला को सहायता दी जाएगी और बाबा की समाधि भी बनाने का आश्वासन दिया।सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी हाल में नहीं बख्शा जाएगा।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कड़ी कार्रवाई की माँग की-

इस बीच घटना पर ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने योगी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जो लोग कहते हैं कि राज्य में गाय को खरोंच भी नहीं लग सकती वो देख लें कि गो रक्षक मारे जा रहे हैं।उन्होंने कहा, “प्रदेश सरकार कहती है कि गाय पर खरोंच तक नहीं लगेगी, लेकिन यहां गोरक्षकों पर हमले हो रहे हैं। ईद पर गौ भक्त ट्रक रोकने गए तो तस्करों ने बाबा पर ट्रक चढ़ा दिया।’’ शंकराचार्य ने माँग की कि दोषियों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई या एनकाउंटर किया जाए।समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि अगर यह हत्या हो तो यूपी सीएम को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘’यूपी में सिलसिला चल रहा है और पुलिस बीजेपी के लिए काम कर रही है।’’ जूना अखाड़े के महंत हरि गिरी और अन्य संतों ने भी गो रक्षकों की सुरक्षा की मांग की।

इधर मथुरा पुलिस ने घटना का गोतस्करी से संबंध होने की संभावना से इनकार कर दिया।मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने कहा ''चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा ने एक ट्रक का पीछा कर उसे रोका।पीछे से कोहरे की वजह से एक दूसरे ट्रक ने उनको हिट कर दिया जिससे उनकी मृत्यु हो गई।जिस ट्रक को उन्होंने रोका था उसमें किराने का सामान मिला। इसमें किसी भी तरह से गो तस्करी की बात सामने नहीं आई है।’’ बाबा को टक्कर मारने वाले ट्रक ड्राइवर खुर्शीद की भी आगरा अस्पताल में मौत हो गई।

Read More
Next Story