
T20 वर्ल्ड कप से ऑस्ट्रेलिया का पैकअप, इस बार ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई 2021 की चैंपियन
जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच मैच बारिश की भेंट चढ़ने से ऑस्ट्रेलिया को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ क्योंकि टीम का सफर टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में ही थम गया।
जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच मैच बारिश की भेंट चढ़ने के बाद ऑस्ट्रेलिया टी20 वर्ल्ड कप से ग्रुप स्टेज में ही बाहर हो गया। 17 साल में ये पहली बार है जब ऑस्ट्रेलिया सुपर 8 चरण में पहुंचने में भी नाकाम रही।
जिम्बाब्वे और श्रीलंका से मिली हार के बाद ऑस्ट्रेलिया अपने पहले तीन मैचों में सिर्फ दो अंक ही जुटा सका था और सुपर 8 में पहुंचने की किसी भी संभावना के लिए उसे अन्य मैचों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ रहा था।
ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद थी कि मंगलवार को जिम्बाब्वे आयरलैंड से हार जाए, लेकिन बिना एक भी गेंद फेंके मैच रद्द हो गया। इससे जिम्बाब्वे को वह जरूरी एक अंक मिल गया, जिसकी बदौलत उसने ग्रुप बी में शीर्ष दो में स्थान पक्का कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया चौथे स्थान पर खिसकी
ग्रुप बी से श्रीलंका की टीम सुपर आठ चरण में पहुंच चुकी है और जिम्बाब्वे इस ग्रुप से अगले दौर में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है। जिम्बाब्वे ने लगातार दो मैच जीते और अब मैच रद्द होने से उसे एक अंक मिला जिससे उसके तीन मैचों में पांच अंक हो गए हैं और वह सुपर आठ में पहुंच गई है।
वहीं, ऑस्ट्रेलिया अगर आखिरी मैच जीत भी जाती तो उसके चार अंक ही रहेंगे, इसलिए कंगारू टीम का सफर ग्रुप चरण में ही थम गया है। इसके अलावा आयरलैंड और ओमान भी बाहर हो गई है।
सुपर आठ में भारत से भिड़ेगा जिम्बाब्वे
ऑस्ट्रेलिया के बाहर होने से अब सुपर आठ की तस्वीर लगभग साफ हो गई है। जिम्बाब्वे सातवीं टीम है जिसने अगले दौर में जगह बनाई है। अब सिर्फ एक स्थान के लिए अमेरिका, नीदरलैंड और पाकिस्तान के बीच होड़ है।
सुपर आठ में पहला ग्रुप भी तय हो गया है। ग्रुप-1 में भारत, जिम्बाब्वे, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज हैं। वहीं, ग्रुप-2 में न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंका ने सुपर आठ में जगह बनाई है, जबकि एक स्थान के लिए टीम का क्वालिफाई करना शेष है। भारत का सुपर आठ में सामना दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज से होगा।

