
टीम इंडिया में सरप्राइज सलेक्शन, कौन हैं आयुष बडोनी जिनको दूसरे वनडे के लिए चुना गया है?
दिल्ली के अनकैप्ड ऑलराउंडर, न्यूजीलैंड के खिलाफ बचे हुए वनडे मैचों में वॉशिंगटन सुंदर की जगह लेंगे
वॉशिंगटन सुंदर के चोटिल होने के बाद, अनकैप्ड ऑलराउंडर आयुष बडोनी सोमवार (12 जनवरी) को न्यूजीलैंड के खिलाफ बचे हुए दो वनडे मैचों के लिए भारतीय टीम से जुड़ गए। ऑलराउंडर सुंदर को रविवार (11 जनवरी) को वडोदरा में खेले गए सीरीज के पहले वनडे के दौरान पसली में चोट लगने के कारण बाहर कर दिया गया।
26 वर्षीय सुंदर ने उस मैच में पांच ओवर में 27 रन दिए थे। न्यूजीलैंड की पारी के दौरान वे बीच में ही मैदान छोड़कर बाहर चले गए और दोबारा फील्डिंग के लिए नहीं लौटे। हालांकि असहजता के बावजूद वे बाद में नंबर 8 पर बल्लेबाजी करने उतरे, जब भारत ने चार विकेट से जीत दर्ज की।
बीसीसीआई ने कहा,“न्यूजीलैंड के खिलाफ वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे के दौरान गेंदबाजी करते समय भारतीय ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को बाईं निचली पसली के हिस्से में अचानक दर्द महसूस हुआ।”
बयान में कहा गया. “आगे की जांच के लिए उनके स्कैन किए जाएंगे, जिसके बाद बीसीसीआई की मेडिकल टीम विशेषज्ञों की राय लेगी। वॉशिंगटन सुंदर को शेष दो मैचों से बाहर कर दिया गया है। पुरुष चयन समिति ने उनकी जगह आयुष बदोनी को टीम में शामिल किया है। बदोनी बुधवार को होने वाले दूसरे वनडे के लिए राजकोट में टीम से जुड़ेंगे।”
राष्ट्रीय टीम में चयन के कारण बडोनी मंगलवार को बेंगलुरु में विदर्भ के खिलाफ दिल्ली के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
आयुष बडोनी, जो मुख्य रूप से बल्लेबाज हैं और ऑफ-स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं, दिल्ली टीम की कप्तानी कर चुके हैं और हालिया विजय हजारे ट्रॉफी अभियान में टीम के उपकप्तान भी रहे, जहां ऋषभ पंत कप्तान थे।
26 वर्षीय बडोनी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए शानदार प्रदर्शन के बाद चर्चा में आए, जहां उन्होंने मौजूदा भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में खेला। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बडोनी का बल्लेबाजी औसत 57.96 है, हालांकि लिस्ट-ए क्रिकेट में उनका प्रदर्शन उतना प्रभावशाली नहीं रहा है। 27 मैचों में उनका औसत 36.47 है और मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने बल्लेबाजी से ज्यादा गेंदबाजी से योगदान दिया है।
बडोनी पर दिल्ली कोच की राय
दिल्ली के मुख्य कोच सरनदीप सिंह ने पिछले एक साल में बडोनी की ऑफ-स्पिन पर की गई मेहनत के बारे में बात की। उन्होंने कहा, “वह नेट्स में बल्लेबाजी के बाद हर अभ्यास सत्र में कम से कम 30 गेंदें जरूर फेंकते हैं। उन्हें एहसास है कि भारतीय टीम में एक ऐसे ऑलराउंडर के तौर पर जगह बनाने के लिए उन्हें अपनी ऑफ-स्पिन में सुधार करना होगा।”
सरनदीप ने आगे कहा, “पिछले 12 महीनों में वह गेंदबाज के रूप में काफी बेहतर हुए हैं। वह हमारे लिए नियमित रूप से विकेट ले रहे हैं, वह बेहद समझदार क्रिकेटर हैं और जल्दी सीखते हैं।”
पूर्व भारतीय स्पिनर ने PTI से कहा, “उनकी ऑफ-स्पिन में अच्छा टर्न है और उनके पास शानदार कैरम बॉल और आर्म बॉल भी है।”
वॉशिंगटन सुंदर मौजूदा सीरीज में चोटिल होने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। इससे पहले विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को पिछले हफ्ते साइड स्ट्रेन के कारण बाहर कर दिया गया था, जबकि तिलक वर्मा ग्रोइन इंजरी के चलते न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन टी20 मैचों के लिए उपलब्ध नहीं हैं, जिसके लिए उन्हें सर्जरी करानी पड़ी।

