
बांग्लादेश का सख्त रुख: ‘देश की इज्जत का सवाल, भारत में खेल नहीं सकते विश्व कप’
T20 World Cup 2026: यह विवाद तब और बढ़ गया, जब BCCI के निर्देश के बाद मुस्ताफिजुर को IPL 2026 की KKR टीम से हटाया गया। इससे बांग्लादेश में राजनीतिक और बोर्ड स्तर पर नाराजगी बढ़ी।
Bangladesh Cricket Board: टी20 विश्व कप 2026 से पहले क्रिकेट की दुनिया में भूचाल आ गया है। बांग्लादेश ने ICC की औपचारिक चेतावनी के बाद भी भारत में अपने ग्रुप-स्टेज मैच खेलने से साफ इनकार कर दिया है। बोर्ड के अनुसार, खिलाड़ियों और पत्रकारों की सुरक्षा सबसे ऊपर है और इस तरह का कोई जोखिम नहीं लिया जा सकता है। अब ICC के सामने एक चुनौती है कि बिना टूर्नामेंट शेड्यूल बिगाड़े बांग्लादेश की चिंताओं का समाधान कैसे किया जाए?
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने बुधवार को उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें अध्यक्ष अमिनुल इस्लाम बुलबुल और सरकारी सलाहकार आसिफ नज़्रुल शामिल हुए। बैठक में यह तय किया गया कि बोर्ड अपने मैचों को श्रीलंका में कराने के लिए दबाव बनाता रहेगा।
बांग्लादेश की स्थिति
बांग्लादेश को भारत में चार ग्रुप मैच खेलना है, जिनमें तीन कोलकाता और एक मुंबई में होना है। यह भारत-श्रीलंका की हाइब्रिड होस्टिंग व्यवस्था का हिस्सा है। ICC के पत्र के बाद BCB ने कहा कि गवर्निंग बॉडी ने बांग्लादेश की पूरी भागीदारी की प्रतिबद्धता दोहराई और बोर्ड के साथ सहयोग की इच्छा जताई, जिसमें बांग्लादेश की सुरक्षा संबंधी इनपुट का स्वागत किया जाएगा। लेकिन बोर्ड के सलाहकार आसिफ नज़्रुल ने साफ किया कि बांग्लादेश सुरक्षा के जोखिम के बदले भागीदारी नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि हम टी20 विश्व कप भारत में खेलना नहीं चाहते… अपने देश की प्रतिष्ठा के बदले। यह खिलाड़ियों और पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। ICC के पत्र पढ़ने के बाद हमें भारत में बांग्लादेश क्रिकेटरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता महसूस हुई।
IPL विवाद
नज़्रुल ने IPL 2026 में मुस्ताफिजुर रहमान के कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से हटाए जाने को उदाहरण के तौर पर बताया। उन्होंने कहा कि BCCI ने KKR को कहा था कि वे खिलाड़ी को सुरक्षा नहीं दे सकते और उसे टीम से बाहर निकालना चाहिए। नज़्रुल ने इसे भारत में सुरक्षा संबंधी समस्या की मौन पुष्टि बताया। उन्होंने कहा कि हम विश्व कप खेलना चाहते हैं, लेकिन श्रीलंका में। इस स्थिति में हम पूरी तरह अडिग हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या बांग्लादेश भारत में निर्धारित मैचों में वॉकओवर दे सकता है तो उन्होंने सीधे जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि मुख्य उद्देश्य ICC को यह समझाना है कि बांग्लादेश भारत में खेलने की स्थिति में नहीं है और बोर्ड जल्द ही इसका जवाब देगा।
बुलबुल ने भी जताया कड़ा रुख
अमिनुल बुलबुल ने कहा कि हम अपने अधिकारों के लिए लड़ेंगे। यह एक वैध कारण है। हम ICC को समझाएंगे। विश्व कप हाइब्रिड मॉडल में इसलिए खेला जा रहा है, क्योंकि सुरक्षा कारण हैं।
यह विवाद तब और तेज हुआ जब BCCI के निर्देश के बाद मुस्ताफिजुर को IPL 2026 की KKR टीम से हटाया गया। इससे बांग्लादेश में राजनीतिक और बोर्ड स्तर पर नाराजगी बढ़ी। पुरुषों का टी20 विश्व कप 7 फरवरी से 8 मार्च 2026 तक खेला जाना है। अब बांग्लादेश के भारत में होने वाले मैच इस गतिरोध का केंद्र बने हैं, जिसे ICC को बिना टूर्नामेंट शेड्यूल प्रभावित किए हल करना होगा।

