भारत-पाकिस्तान मैच के बायकॉ़ट के मुद्दे पर बढ़ी हलचल, लाहौर पहुंचे बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के चीफ
x
बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम आईसीसी की आपात बैठक में शामिल होने वाले हैं। (BCB – X)

भारत-पाकिस्तान मैच के बायकॉ़ट के मुद्दे पर बढ़ी हलचल, लाहौर पहुंचे बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के चीफ

BCB के चीफ अमीन उल इस्लाम का अचानक लाहौर पहुंच जाना चौंका रहा है। उनका ये दौरा ऐसे वक्त में हो रहा है जब पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने के फैसले को लेकर ICC के साथ उसकी बातचीत चल रही है।


Click the Play button to hear this message in audio format

जैसे-जैसे 15 फरवरी की तारीख नज़दीक आ रही है, आईसीसी से लेकर पाकिस्तान और बांग्लादेश तक क्रिकेट जगत में हलचल तेज़ हो गई है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के बीच होने वाली अहम वर्चुअल बैठक से पहले लाहौर पहुंच चुके हैं। यह बैठक पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच के प्रस्तावित बहिष्कार से जुड़े गतिरोध को सुलझाने के उद्देश्य से बुलाई गई है।

पूर्व टेस्ट क्रिकेटर अमीनुल इस्लाम ने लाहौर में पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से मुलाकात की। माना जा रहा है कि वह वर्चुअल चर्चा में भी हिस्सा लेंगे, जहां प्रयास होगा कि पाकिस्तान 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान टी20 विश्व कप मुकाबले के बहिष्कार के फैसले पर दोबारा विचार करे।

हालांकि मोहसिन नकवी ने भारत के खिलाफ मैच न खेलने को लेकर सरकार के निर्देशों पर खुलकर कुछ नहीं कहा है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में एक विश्वसनीय सूत्र के हवाले से बताया गया है कि श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के एक ईमेल के बाद हालात में बदलाव आया है। इस ईमेल में पीसीबी से बहिष्कार खत्म करने की अपील की गई है। इसी क्रम में आईसीसी के सीईओ संजोग गुप्ता भी कोलंबो पहुंचे, जहां उन्होंने एसएलसी अध्यक्ष शम्मी सिल्वा से मुलाकात की। शम्मी सिल्वा ने ही विश्व कप में भारत के खिलाफ मैच खेलने का आग्रह करते हुए नकवी को ईमेल भेजा था।

इससे पहले आईसीसी पाकिस्तान से यह स्पष्ट करने को कह चुका है कि वह ‘फोर्स मेज्योर’ (अपरिहार्य परिस्थितियों में अनुबंधीय दायित्व पूरा न कर पाने) के नियम का इस्तेमाल कैसे करना चाहता है। पाकिस्तान इसी प्रावधान के तहत भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच न खेलने को उचित ठहराने की कोशिश कर रहा था, जिसमें पीसीबी ने सरकार के निर्देशों का हवाला दिया था।

अब स्थिति में कुछ सकारात्मक संकेत दिख रहे हैं। पीसीबी ने खुद आईसीसी से बातचीत के लिए संपर्क किया है। आईसीसी के एक निदेशक के अनुसार, संभावना है कि यह हाई-प्रोफाइल मुकाबला आखिरकार खेला जाएगा।

आईसीसी फिलहाल संबंधित बोर्डों के साथ मिलकर एक व्यवस्थित और संतुलित समाधान तलाश रहा है, ताकि खेल के हित को किसी भी एकतरफा फैसले से ऊपर रखा जा सके। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का फैसला लिया था। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए विश्व कप मुकाबलों के लिए भारत जाने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उसकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया।

Read More
Next Story