Naman Awards: शुभमन गिल को मिलेगा शानदार प्रदर्शन का ईनाम, द्रविड़ का भी होगा खास सम्मान
x

Naman Awards: शुभमन गिल को मिलेगा शानदार प्रदर्शन का ईनाम, द्रविड़ का भी होगा खास सम्मान

नमन अवॉर्ड्स 2026 में की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक बात यह है कि BCCI एक साथ उन पाँच भारतीय टीमों को सम्मानित करेगा जिन्होंने ICC ट्रॉफी जीतकर दुनिया भर में भारत का झंडा गाड़ा है। भारतीय क्रिकेट के इतिहास में यह पहली बार होगा।


BCCI Awards 2026: भारतीय क्रिकेट के लिए पिछला साल किसी सुनहरे सपने से कम नहीं रहा है। मैदान पर खिलाड़ियों के पसीने और जीत के जुनून ने भारत को दुनिया का 'क्रिकेट किंग' बना दिया है। इसी कामयाबी और कड़ी मेहनत का जश्न मनाने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) रविवार, 15 मार्च 2026 को नई दिल्ली में भव्य 'नमन अवार्ड्स' का आयोजन करने जा रहा है।

शनिवार को BCCI ने इस कार्यक्रम की घोषणा करते हुए बताया कि यह वार्षिक समारोह न केवल अंतरराष्ट्रीय सितारों, बल्कि घरेलू और आयु वर्ग (Under-19) के उन खिलाड़ियों को भी समर्पित है, जिन्होंने भारतीय क्रिकेट की नींव को मजबूत किया है।

इतिहास में पहली बार: 5 विश्व विजेता टीमों का एक साथ सम्मान

इस साल के नमन अवार्ड्स की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक बात यह है कि BCCI एक साथ उन पाँच भारतीय टीमों को सम्मानित करेगा जिन्होंने ICC ट्रॉफी जीतकर दुनिया भर में भारत का झंडा गाड़ा है। भारतीय क्रिकेट के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है जब इतनी सारी चैंपियन टीमें एक साथ एक मंच पर होंगी।

इन टीमें का होगा सम्मान

सीनियर पुरुष टीम: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के लिए।

सीनियर महिला टीम: आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 का खिताब पहली बार जीतकर इतिहास रचने के लिए।

पुरुष अंडर-19 टीम: आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी बादशाहत कायम रखने के लिए।

महिला अंडर-19 टीम: आईसीसी महिला अंडर-19 वर्ल्ड कप 2025 की शानदार जीत के लिए।

यह समारोह भारतीय क्रिकेट के उस 'स्वर्ण युग' का गवाह बनेगा, जहाँ भारत ने हर फॉर्मेट और हर उम्र के खेल में दुनिया को अपनी ताकत दिखाई है।

दिग्गजों का सम्मान: लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

क्रिकेट सिर्फ मैदान पर खेलने का नाम नहीं है, बल्कि इसे सींचने वाले गुरुओं और दिग्गजों का भी इसमें बड़ा हाथ होता है। इस साल BCCI अपने सर्वोच्च सम्मान, 'कर्नल सी.के. नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड' से पूर्व दिग्गज खिलाड़ी और वर्तमान प्रशासक रोजर बिन्नी और भारतीय क्रिकेट की दीवार कहे जाने वाले राहुल द्रविड़ को सम्मानित करेगा। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने भारतीय क्रिकेट के विकास और कद को बढ़ाने में अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया है।

वहीं, महिला क्रिकेट में दुनिया भर में अपनी पहचान बनाने वाली मिताली राज को महिला वर्ग में लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया जाएगा। मिताली का योगदान भारतीय महिला क्रिकेट को उस मुकाम पर ले जाने में रहा है, जहाँ आज की युवा लड़कियां क्रिकेट को अपना करियर बना रही हैं।

शुभमन गिल और स्मृति मंधाना: साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

साल 2024-25 के सीजन में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने बल्ले से कोहराम मचाने वाले शुभमन गिल को 'पॉली उमरीगर अवार्ड' (सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय पुरुष क्रिकेटर) से नवाजा जाएगा। गिल ने यह खिताब दूसरी बार अपने नाम किया है, जो उनकी बढ़ती काबिलियत का सबूत है। महिला क्रिकेट की 'रन मशीन' स्मृति मंधाना को एक बार फिर सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर चुना गया है। यह उनके करियर का पाँचवाँ मौका है जब उन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया है, जो उनकी क्लास और निरंतरता को दर्शाता है।

घरेलू क्रिकेट के सितारों ने मारी बाजी

BCCI ने हमेशा से माना है कि घरेलू क्रिकेट ही टीम इंडिया की असली ताकत है। इस साल घरेलू मैदानों पर शानदार प्रदर्शन करने वाले इन खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा-

इरा जाधव (मुंबई): उन्हें जगमोहन डालमिया ट्रॉफी (बेस्ट डोमेस्टिक वुमन क्रिकेटर) दी जाएगी।

शेफाली वर्मा (हरियाणा): अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर शेफाली को सीनियर घरेलू वन-डे की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया है।

आयुष म्हात्रे (मुंबई): उभरते हुए ऑलराउंडर आयुष को घरेलू लिमिटेड ओवर मैचों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए लाला अमरनाथ अवार्ड मिलेगा।

हर्ष दुबे (विदर्भ): रणजी ट्रॉफी में अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी से सबको प्रभावित करने वाले हर्ष को रणजी का बेस्ट ऑलराउंडर चुना गया है।

इसके अलावा, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को एक बार फिर घरेलू टूर्नामेंटों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए अवार्ड दिया जाएगा। मुंबई की टीम ने इस सीजन में 4 ट्रॉफियां जीतीं और 2 में उपविजेता रही, जो घरेलू क्रिकेट में उनके दबदबे को दर्शाता है।

Read More
Next Story