BCCI ने टीम इंडिया के लिए खोला खज़ाना, चैंपियन बनने पर मिलेंगे 131 करोड़ रुपए
x

BCCI ने टीम इंडिया के लिए खोला खज़ाना, चैंपियन बनने पर मिलेंगे 131 करोड़ रुपए

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक खिताबी जीत के बाद BCCI ने टीम इंडिया के लिए 131 करोड़ रुपए के भारी-भरकम इनाम का ऐलान किया है। यह भारतीय क्रिकेट इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा टीम बोनस है।


BCCI Announces Prize Money For Team India: भारतीय क्रिकेट के लिए साल 2026 किसी सुनहरे सपने जैसा साबित हो रहा है। अहमदाबाद के खचाखच भरे नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रनों से धूल चटाकर टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत और रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन से गदगद होकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया के लिए खजाना खोल दिया है।

BCCI का अब तक का सबसे बड़ा इनाम

टीम इंडिया की इस बैक-टू-बैक वर्ल्ड कप जीत के बाद बीसीसीआई ने खिलाड़ियों और स्पोर्ट स्टाफ के लिए 131 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि का ऐलान किया है। यह रकम भारतीय क्रिकेट इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा बोनस है। गौर करने वाली बात यह है कि यह पुरस्कार राशि केवल खिलाड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि मुख्य कोच, कोचिंग स्टाफ, सपोर्ट स्टाफ और टीम के बाकी सदस्यों के बीच भी बांटी जाएगी।

बीसीसीआई ने अपनी पुरानी परंपरा को कायम रखा है, लेकिन इस बार इनाम की राशि में बड़ा इजाफा किया गया है। साल 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर बोर्ड ने 125 करोड़ रुपए दिए थे, लेकिन इस साल टीम की निरंतरता और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की जीत को देखते हुए इसमें 6 करोड़ रुपए और बढ़ाए गए हैं। बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर भी बोर्ड ने 58 करोड़ रुपए का इनाम दिया था।

ICC की प्राइज मनी से अलग है यह बोनस

अक्सर फैंस को लगता है कि यह वही पैसा है जो आईसीसी देती है, लेकिन ऐसा नहीं है। आईसीसी ने इस टूर्नामेंट के विजेता भारत को लगभग 27.5 करोड़ रुपए ($3 मिलियन) दिए, जबकि उप-विजेता न्यूजीलैंड को करीब 14.7 करोड़ रुपए मिले। बीसीसीआई द्वारा घोषित 131 करोड़ रुपए का यह इनाम एक 'स्पेशल बोनस' है, जो बोर्ड अपने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और देश का मान बढ़ाने के लिए अपनी तरफ से दे रहा है।

कैसा रहा वर्ल्ड कप 2026 में भारत का सफर?

भारतीय टीम ने इस पूरे टूर्नामेंट में धमाकेदार प्रदर्शन किया। संजू सैमसन की रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी और जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी के दम पर भारत ने लगभग हर टीम को एकतरफा अंदाज में हराया। हालांकि, सफर पूरी तरह अजेय नहीं रहा। ग्रुप स्टेज में लगातार 4 मैच जीतकर टीम जब सुपर-8 में पहुंची, तो उसे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक हार का सामना करना पड़ा। लेकिन उस एक हार ने टीम इंडिया के इरादों को और मजबूत कर दिया। इसके बाद भारत ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। सुपर-8 के अहम मुकाबलों में जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को करारी शिकस्त दी। इसके बाद सेमीफाइनल में डिफेंडिंग फाइनलिस्ट इंग्लैंड को बाहर का रास्ता दिखाया और अंत में फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों के बड़े अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया। यह जीत न केवल भारत के बढ़ते दबदबे को दर्शाती है, बल्कि बीसीसीआई का यह इनाम आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को भी बड़े मंच पर अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित करेगा।

Read More
Next Story