
IPL से बैन होगा तूफानी खिलाड़ी, तोड़ दिया BCCI का कड़ा नियम, मुश्किल में फंसी टीम
BCCI के कड़े नियमों के मुताबिक अब इस खिलाड़ी पर 2 साल का बैन लगना तय है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह दूसरा बड़ा झटका है क्योंकि पिछले सीजन में हैरी ब्रूक ने भी इसी तरह टीम का साथ छोड़ा था।
आईपीएल 2026 का रोमांच शुरू होने में अब बस 3 दिन का वक्त बचा है, लेकिन मैदान पर गेंद डलने से पहले ही दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के खेमे में मायूसी छा गई है। पिछले कई महीनों से खिताबी जीत की रणनीति बना रही दिल्ली की टीम को इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज बेन डकेट ने तगड़ा झटका दिया है। डकेट ने टूर्नामेंट शुरू होने के ऐन पहले अपना नाम वापस लेकर दिल्ली की पूरी प्लानिंग चौपट कर दी है।
क्यों लिया बेन डकेट ने यह अचानक फैसला?
मंगलवार, 24 मार्च को एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में बेन डकेट ने यह चौंकाने वाला ऐलान किया। उन्होंने बताया कि वह अपने इंटरनेशनल टेस्ट करियर पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं और इंग्लैंड की टेस्ट टीम में अपनी जगह पक्की रखना उनके लिए प्राथमिकता है। इसी वजह से उन्होंने आईपीएल 2026 से हटने का फैसला किया है।
गौरतलब है कि पिछले साल दिसंबर में हुए ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने डकेट को उनके 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था। यह पहली बार था जब डकेट आईपीएल का हिस्सा बनने वाले थे और माना जा रहा था कि वह टीम के लिए ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। डकेट ने अपने इस फैसले के लिए दिल्ली कैपिटल्स से माफी तो मांगी है, लेकिन उनके इस कदम ने टीम को मझधार में छोड़ दिया है।
BCCI का हंटर: अब लगेगा 2 साल का कड़ा बैन
बेन डकेट का यह फैसला उनके आईपीएल करियर के लिए भारी पड़ सकता है। बीसीसीआई (BCCI) ने विदेशी खिलाड़ियों की इस तरह की मनमानी को रोकने के लिए सख्त नियम बनाए हैं। नए नियमों के मुताबिक, अगर कोई खिलाड़ी ऑक्शन में बिकने के बाद बिना किसी वाजिब मेडिकल कारण के टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले नाम वापस लेता है, तो उस पर 2 साल का प्रतिबंध लगाया जाएगा।
इस बैन के दौरान खिलाड़ी न तो किसी टीम का हिस्सा बन सकता है और न ही अपना नाम ऑक्शन में भेज सकता है। नियम के मुताबिक अब डकेट साल 2029 से पहले आईपीएल में वापसी नहीं कर पाएंगे।
दिल्ली कैपिटल्स के साथ अजीब संयोग
हैरानी की बात यह है कि दिल्ली कैपिटल्स के साथ ऐसा दूसरी बार हुआ है। इससे पहले आईपीएल 2025 में इंग्लैंड के ही हैरी ब्रूक ने भी दिल्ली कैपिटल्स को इसी तरह झटका दिया था। ब्रूक ने भी ऑक्शन में खरीदे जाने के बाद अपना नाम वापस ले लिया था, जिसके चलते उन पर फिलहाल बैन लगा हुआ है। अब बेन डकेट ने अपने ही कप्तान के नक्शेकदम पर चलते हुए दिल्ली की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
अब क्या करेगी दिल्ली?
टूर्नामेंट 28 मार्च से शुरू हो रहा है और अब दिल्ली कैपिटल्स के पास रिप्लेसमेंट खोजने के लिए बहुत कम समय बचा है। टीम मैनेजमेंट अब जल्द से जल्द किसी ऐसे विदेशी ओपनर की तलाश में है जो डकेट की जगह ले सके और टीम के कॉम्बिनेशन को बिगड़ने न दे।

