
LSG vs DC मैच में हुआ भयंकर बवाल, जमकर चले घूंसे, देखें VIDEO
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराया, लेकिन इस मैच के दौरान बीच मैदान बवाल हो गया। ये बवाल हुआ दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ के खिलाड़ियों के बीच।
IPL 2026, LSG vs DC: IPL 2026 का रोमांच अपने चरम पर है, लेकिन कभी-कभी यह रोमांच मैदान की बाउंड्री पार कर स्टैंड्स तक पहुँच जाता है। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेले गए मुकाबले में कुछ ऐसा ही देखने को मिला। पहले इस मुकाबले में खिलाड़ियों के बीच गहमागहमी देखने को मिली, इसके बाद स्टैंड में बैठे फैंस आपस में भिड़ गए।
प्रिंस यादव और ट्रिस्टन स्टब्स के बीच हुई गर्मागर्मी
दिल्ली कैपिटल्स की पारी के पांचवें ओवर में मैदान का तापमान तब अचानक बढ़ गया, जब लखनऊ के युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और दिल्ली के बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स के बीच जबरदस्त गर्मागर्मी देखने को मिली। ओवर की पांचवीं गेंद फेंकने के बाद प्रिंस यादव सीधे स्टब्स के करीब जा पहुंचे और उन्हें आक्रामक अंदाज में घूरने लगे। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज स्टब्स भी कहाँ पीछे हटने वाले थे, उन्होंने भी बिना डरे प्रिंस को कड़ा जवाब दिया और उनसे आंखें मिलाईं। एक पल के लिए तो ऐसा लगा कि दोनों खिलाड़ी आपस में भिड़ जाएंगे, लेकिन मामला हाथापाई तक नहीं पहुँचा। हैरानी की बात यह है कि इस आईपीएल सीजन में यह पहली बार है जब दो खिलाड़ी इस तरह आमने-सामने आए और मैदान पर ऐसी 'स्लेजिंग' देखने को मिली।
स्टेडियम में फिल्मी स्टाइल में हुई 'रियल' फाइट
मैच के दौरान स्टैंड्स से एक ऐसा वीडियो सामने आया जिसने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है। लाइव मैच के दौरान दो गुटों के बीच इतनी जोरदार भिड़ंत हुई कि स्टेडियम किसी रेसलिंग रिंग जैसा लगने लगा। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो लड़के एक-दूसरे पर बुरी तरह टूट पड़े।
एक लड़का तो दूसरे पर इस कदर हावी था कि उसके घूंसे रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। उसने मुक्कों की बरसात कर सामने वाले को नीचे गिरा दिया। अगर बैकग्राउंड में बॉलीवुड का 'ढिशूम-ढिशूम' संगीत बज रहा होता, तो यह किसी एक्शन फिल्म का सीन लगता। हालांकि, यह कोई रील नहीं बल्कि 'रियल' फाइट थी। शुक्र है कि मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और हमलावर लड़के को काबू में किया, वरना मामला और गंभीर हो सकता था।
IPL 2026 का अब तक का सबसे लो-स्कोरिंग मैच
खेल की बात करें तो लखनऊ के इकाना स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी के लिए काफी कठिन साबित हुई। IPL 2026 के शुरुआती मैचों की तुलना में यह अब तक का सबसे कम स्कोर वाला मुकाबला रहा। इस सीजन का एक दिलचस्प ट्रेंड इस मैच में भी बरकरार है और वो ये है कि जिस टीम ने टॉस जीता, मैच भी उसी के नाम रहा।
दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और अपने इस फैसले को सही साबित किया। लखनऊ सुपर जायंट्स अपने ही होम ग्राउंड पर संघर्ष करती नजर आई और पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी। पूरी टीम महज 18.4 ओवर में 141 रन बनाकर ढेर हो गई।
समीर रिज़वी और स्टब्स ने पलटी हारी हुई बाजी
142 रनों का लक्ष्य छोटा जरूर था, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के लिए इसकी शुरुआत किसी डरावने सपने जैसी रही। दिल्ली ने महज 26 रन के स्कोर पर अपने 4 बड़े विकेट गंवा दिए थे। ऐसा लग रहा था कि लखनऊ यह मैच आसानी से जीत लेगी। तभी मैदान पर एंट्री हुई इम्पैक्ट प्लेयर समीर रिज़वी की। समीर ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ मिलकर न केवल पारी को संभाला, बल्कि लखनऊ के गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
समीर रिज़वी: 47 गेंदों पर नाबाद 70 रन की तूफानी पारी।
ट्रिस्टन स्टब्स: 32 गेंदों पर नाबाद 39 रन का संयमित योगदान।
इन दोनों के बीच हुई नाबाद साझेदारी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। लखनऊ के गेंदबाज बीच के ओवरों में एक विकेट के लिए तरसते रह गए।

