Rinku Singh का Facebook Account हुआ हैक, शातिर हैकर्स ने E-Mail ID भी बदली
x

Rinku Singh का Facebook Account हुआ हैक, शातिर हैकर्स ने E-Mail ID भी बदली

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह की फेसबुक आईडी को साइबर ठगों ने हैक कर लिया है। हैकर्स ने ना सिर्फ अकाउंट हैक किया बल्कि रिंकू की ईमेल आईडी भी बदल दी है।


भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह इन दिनों टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटे हैं, लेकिन वो क्रिकेट के मैदान की बजाय साइबर अपराधियों की चुनौती से भी जूझ रहे हैं। रिंकू की आधिकारिक फेसबुक आईडी को साइबर ठगों ने हैक कर लिया है। खास की बात यह है कि हैकर्स ने सिर्फ अकाउंट का नियंत्रण नहीं लिया, बल्कि इस अकाउंट की मोनेटाइजेशन (विज्ञापन से होने वाली कमाई) को भी अपने बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिया।

कब और कैसे हुआ रिंकू सिंह का अकाउंट हैक?

रिंकू सिंह क्रिकेट की वजह से काफी व्यस्त रहते हैं। इसी व्यस्तता के कारण वह अपने फेसबुक अकाउंट पर ध्यान नहीं दे पा रहे थे। कुछ समय पहले जब उन्होंने लॉग-इन करने की कोशिश की, तो उन्हें पासवर्ड गलत बताने लगा। कई बार प्रयास करने के बाद भी वह अपना अकाउंट खोल नहीं पाए। उनके भाई सोनू सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रिंकू लंबे समय से फेसबुक आईडी पर ध्यान नहीं दे पा रहे थे। इसी का फायदा उठाकर हैकर्स ने अकाउंट को अपनी पकड़ में ले लिया।

हैकर्स ने बदली ई-मेल आईडी

जांच में पता चला कि रिंकू की फेसबुक आईडी मूल रूप से उनकी व्यक्तिगत ई-मेल आईडी से जुड़ी थी। लेकिन हैकर्स ने उसे बदलकर एक कॉमर्शियल मेल आईडी से लिंक कर दिया। रिंकू का फेसबुक पेज मोनेटाइज्ड था, यानी उनके वीडियो और फोटो पर आने वाले विज्ञापनों से अच्छी-खासी कमाई होती थी। अब हैकर्स इस अकाउंट पर खुद फोटो और वीडियो अपलोड कर रहे हैं और उससे होने वाली पूरी कमाई अपने खाते में जमा कर रहे हैं।

पुलिस को कब चला पता?

पुलिस को तब शक हुआ जब अकाउंट से रिंकू की जानकारी के बिना लगातार पोस्ट होने लगी। ऐसे पोस्ट्स देखकर रिंकू ने तुरंत एसएसपी को सूचना दी। एसएसपी के आदेश पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर रामेंद्र शुक्ला ने बताया कि आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब उस आईपी एड्रेस और मेल आईडी को ट्रैक कर रही है, जिसके जरिए अकाउंट में बदलाव किए गए। साथ ही फेसबुक (मेटा) के अधिकारियों को पत्र लिखकर अकाउंट रिकवरी की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Read More
Next Story