
T2WorldCup में नेपाल से हारते-हारते बचा इंग्लैंड, कांटे के मुकाबले में सिर्फ 4 रन से जीत पाया
इंग्लैंड की टीम और उसके प्रशंसकों को इसका अंदाज़ा नहीं था कि नेपाल की टीम उनके दिए टारगेट के इतने करीब तक पहुंच जाएगी।
टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप टूर्नामेंट के पांचवें मैच में ग्रुप-सी के मैच में बहुत बड़ा उलटफेर होते-होते बचा। एक बेहद रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड की टीम ने नेपाल को सिर्फ 4 रन से हरा पाया। नेपाल अपनी अनुभवहीनता से मात खा गया और आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रन नहीं बना पाया। आखिरकार उसे महज 4 रन से ये कांटेदार मुकाबला गंवाना पड़ा।
लेकिन हारने से पहले नेपाल ने इंग्लैंड की टीम और उसके समर्थकों की सांसें अटका दी थी। हुआ ये कि पहले खेलते हुए इंग्लैंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 184 रन बनाए। मुकाबला आखिरी गेंद तक चला और नेपाल की टीम बीस ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 180 रन ही बना पाई।
आखिरी ओवर में नेपाल को जीतने के लिए 10 रनों की जरूरत थी। तब लग रहा था कि टी-20 वर्ल्ड कप में आज बहुत बड़ा उलटफेर होने वाला है। लेकिन नेपाल के खिलाड़ी अपनी अनुभवहीनता से गच्चा खा गए और आखिरी ओवर को जीत में नहीं बदल पाए।
नेपाल की ओर से दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 44, रोहित पौडल ने 39 और लोकेश बाम ने नाबाद 39 रन की उपयोगी पारियां खेलीं और इंग्लैंड के दिए लक्ष्य का पीछा करने में जरा सा फासले से रह गए।
इससे पहले इंग्लैंड की टीम ने 20 ओवरों में 7 विकेट पर 184 रन बनाए। जिसमें सबसे ज्यादा 55 रन जैकब बेथल ने बनाए। उनके अलावा हैरी ब्रूक ने 53 और विल्स जैक्स ने तेज 39 रन की पारी खेली। तब किसी को अंदाजा नहीं था कि नेपाल इंग्लैंड के दिए टारगेट के इतने नजदीक पहुंच जाएगा।
नेपाल की टीम के इस प्रदर्शन की गूंज दूर-दूर तक सुनाई दे रही है। खुद नेपाल की कार्यवाहक प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि जीत-हार के बजाय प्रदर्शन महत्वपूर्ण है।
भारत के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह भी नेपाल के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की।

