ICC’s Team of T20 World Cup 2026 : आईसीसी ने चुनी टी-20 वर्ल्ड कप की टीम, 4-4 भारतीयों को मिली जगह
x

ICC’s Team of T20 World Cup 2026 : आईसीसी ने चुनी टी-20 वर्ल्ड कप की टीम, 4-4 भारतीयों को मिली जगह

भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर अपना तीसरा T20 वर्ल्ड कप खिताब जीता और इतिहस रच दिया। टीम इंडिया की इस जीत के बाद आईसीसी ने टूर्नामेंट की बेस्ट प्लेइंग इलेवन का ऐलान किया है, जिसमें भारत के 4 खिलाड़ियों को जगह मिली है।


ICC’s Team of T20 World Cup 2026: भारतीय क्रिकेट के लिए साल 2026 सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। टीम इंडिया ने रिकॉर्ड तीसरी बार T20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर दुनिया को बता दिया कि आखिर क्यों उन्हें क्रिकेट का 'किंग' कहा जाता है। इस शानदार जीत के बाद आईसीसी (ICC) ने अपनी 'टीम ऑफ द टूर्नामेंट' की घोषणा की है, जिसमें भारत के चार धुरंधरों संजू सैमसन, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह ने अपनी जगह बनाई है।

सुपरस्टार संजू सैमसन

इस टूर्नामेंट की सबसे प्रेरणादायक कहानी संजू सैमसन की रही। संजू ने वर्ल्ड कप की शुरुआत प्लेइंग इलेवन से बाहर रहकर की थी, लेकिन जब मौका मिला तो उन्होंने इतिहास रच दिया। 5 पारियों में 321 रन बनाकर उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया। संजू ने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ मैच जिताऊ पारियां खेलीं, लेकिन उनका असली जलवा फाइनल में दिखा। न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में 89 रनों की पारी खेलकर उन्होंने T20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बना डाला।

ईशान किशन है तो फिर नो टेंशन

ईशान किशन ने इस टूर्नामेंट में अपनी बल्लेबाजी से गेंदबाजों के मन में खौफ पैदा कर दिया। 193.29 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ ईशान ने कुल 317 रन बनाए। पाकिस्तान के खिलाफ ओपनर के तौर पर उनकी 77 रनों की पारी मास्टरक्लास थी। बाद में उन्होंने टीम की जरूरत के हिसाब से नंबर 3 पर बल्लेबाजी की और फाइनल में अर्धशतक जड़कर भारत की जीत पक्की की।

हार्दिक जैसा कोई नहीं

जब भी बड़े मैचों की बात आती है, हार्दिक पांड्या का नाम सबसे ऊपर आता है। हार्दिक ने न केवल बल्ले से दो अर्धशतक लगाए, बल्कि गेंद से भी अहम मौकों पर विकेट चटकाए। नामीबिया के खिलाफ उनकी 28 गेंदों में 52 रनों की पारी ने मैच का रुख पलट दिया था। पूरे टूर्नामेंट में 9 विकेट लेकर उन्होंने खुद को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर साबित किया।

जो बड़े-बड़ों को करे गुमराह, नाम है जसप्रीत बुमराह

फाइनल में 'प्लेयर ऑफ द मैच' रहे जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर साबित किया कि वे क्यों दुनिया के नंबर 1 गेंदबाज हैं। 8 मैचों में 14 विकेट लेकर वे टूर्नामेंट के संयुक्त सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 15 रन देकर 4 विकेट लेना किसी चमत्कार से कम नहीं था। पूरे टूर्नामेंट में उनकी इकॉनमी 6.21 की रही, जो T20 जैसे फॉर्मेट में अविश्वसनीय है।

ICC टीम ऑफ द टूर्नामेंट (प्लेइंग XI)

आईसीसी की इस टीम में पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को भी जगह मिली है, जिन्होंने 383 रनों के साथ टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्करम को इस टीम का कप्तान चुना गया है।

पूरी टीम इस प्रकार है:

1.साहिबजादा फरहान

2. संजू सैमसन (विकेटकीपर)

3. ईशान किशन

4. एडेन मार्करम (कप्तान)

5. हार्दिक पांड्या

6. विल जैक्स

7. जेसन होल्डर

8. जसप्रीत बुमराह

9. लुंगी एनगिडी

10. आदिल राशिद

11. ब्लेसिंग मुजरबानी

12वें खिलाड़ी: शेडली वैन शल्कविक

Read More
Next Story