T-20 World Cup Final: गंभीर जैसा कोई नहीं, जो कोई नहीं कर पाया, वो करिश्मा करके दिखाया
x

T-20 World Cup Final: गंभीर जैसा कोई नहीं, जो कोई नहीं कर पाया, वो करिश्मा करके दिखाया

गौतम गंभीर को जब राहुल द्रविड़ के बाद टीम इंडिया की कमान सौंपी गई थी, तब कई सवाल थे। क्या एक आक्रामक स्वभाव वाला खिलाड़ी एक शांत कोच बन पाएगा?


Gautam Gambhir: नरेंद्र मोदी स्टेडियम की दूधिया रोशनी और लाखों दर्शकों के शोर के बीच जब भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर T20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी उठाई, तो यह सिर्फ एक जीत नहीं बल्कि एक नए इतिहास की शुरुआत थी। यह जीत जितनी मैदान पर पसीना बहाने वाले खिलाड़ियों की थी, उतनी ही उस मास्टरमाइंड की भी थी जो डगआउट में बैठकर रणनीतियां बुन रहा था। ये कोई और नहीं टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर थे। टीम इंडिया के एक बार फिर से वर्ल्ड चैंपियन बनने के साथ ही गौतम गंभीर ने एक ऐसा कमाल कर दिखाया, जो भारतीय क्रिकेट के इतिहास में इससे पहले कोई भी कोच नहीं कर पाया है।

दो साल, दो कमाल

भारतीय टीम के हेड कोच के रूप में गौतम गंभीर ने वह कर दिखाया है, जो भारतीय क्रिकेट के लंबे और गौरवशाली इतिहास में आज तक कोई भी कोच नहीं कर सका। गौतम गंभीर को जब टीम इंडिया की कमान सौंपी गई थी, तब उम्मीदें बहुत थीं, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि वह इतनी जल्दी नतीजों की झड़ी लगा देंगे। हेड कोच बनने के बाद गंभीर ने केवल दो साल के भीतर भारत की कैबिनेट में दो बड़ी आईसीसी ट्रॉफियां जोड़ दी हैं।

ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025: भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता।

ICC T20 वर्ल्ड कप 2026: एक बार फिर न्यूजीलैंड को ही पटखनी देकर भारत विश्व विजेता बना।

यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि इससे पहले किसी भी भारतीय हेड कोच ने दो अलग-अलग आईसीसी टूर्नामेंट नहीं जीते थे। गंभीर की कोचिंग शैली में वही आक्रामकता और 'जीत से कम कुछ नहीं' वाला जज्बा दिखता है, जो उनके खेल के दिनों में नजर आता था।

खिलाड़ी भी बेमिसाल, कोच भी लाजवाब

गौतम गंभीर ने इस जीत के साथ एक ऐसा 'यूनिक' रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जिसके आसपास भी पहुंचना किसी के लिए आसान नहीं होगा। गंभीर अब दुनिया के उन गिने-चुने दिग्गजों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने खिलाड़ी और कोच दोनों भूमिकाओं में 2-2 आईसीसी खिताब जीते हैं। बतौर खिलाड़ी गौतम गंभीर 2007 के टी20 वर्ल्ड कप और 2011 के वनडे वर्ल्ड कप की विजेता टीम के अहम सदस्य थे। 2011 के फाइनल में उनकी 97 रनों की पारी आज भी क्रिकेट प्रेमियों के जहन में ताजा है। अब बतौर कोच भी उनके पास 2-2 आईसीसी ट्रॉफी हैं। यह रिकॉर्ड साबित करता है कि गंभीर क्रिकेट की रग-रग से वाकिफ हैं और जानते हैं कि बड़े मुकाबलों में दबाव को कैसे झेलना है और कैसे जीतना है।

न्यूजीलैंड के लिए 'काल' बनी गंभीर की रणनीति

दिलचस्प बात यह है कि गंभीर की कोचिंग में भारत ने जिन दो आईसीसी खिताबों पर कब्जा किया, उन दोनों ही फाइनल में न्यूजीलैंड की टीम सामने थी। कीवी टीम, जिसे अक्सर बड़े टूर्नामेंटों में भारत के लिए सबसे बड़ी बाधा माना जाता था, उसे गंभीर की रणनीतियों ने पूरी तरह बेअसर कर दिया। चाहे वो सही प्लेइंग इलेवन का चुनाव हो या स्पिनर्स का चतुर इस्तेमाल, गंभीर ने हर मोर्चे पर कीवी कप्तान को मात दी।

टीम इंडिया ने भी रचा इतिहास

कोच गंभीर ने तो इतिहास रचा ही, लेकिन उनकी इस सेना ने भी विश्व क्रिकेट में अपना दबदबा कायम कर लिया है। टीम इंडिया अब दुनिया की इकलौती ऐसी टीम बन गई है जिसने 3 बार T20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है। भारतीय टीम ने पहली बार 2007 में पाकिस्तान को मात देकर टी-20 वर्ल्ड कप का पहला एडिशन अपने नाम किया था। इसके बाद भारतीय टीम ने साल 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में बारबाडोस में दूसरी बार टी-20 की ट्रॉफी उठाई और अब साल 2026 में गौतम गंभीर के मार्गदर्शन और सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में अहमदाबाद में तीसरी ऐतिहासिक जीत दर्ज़ की।

Read More
Next Story