ICC का बड़ा फैसला: पाकिस्तान सेमीफाइनल और फाइनल में पहुंचा तो टिकट के पैसे वापस
x

ICC का बड़ा फैसला: पाकिस्तान सेमीफाइनल और फाइनल में पहुंचा तो टिकट के पैसे वापस

पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सेमीफाइनल और फाइनल में पहुंचने पर कोलकाता और अहमदाबाद के टिकट धारकों का पैसा लौटाया जाएगा।


टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों के टिकट मंगलवार शाम से बिक्री के लिए उपलब्ध हो गए। इस बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने टिकट धारकों के लिए अहम घोषणा की है। आईसीसी के मुताबिक, यदि पाकिस्तान सेमीफाइनल या फाइनल में जगह बनाता है, तो कोलकाता और अहमदाबाद में होने वाले संबंधित मुकाबलों के टिकट खरीदने वाले दर्शकों को पूरा पैसा वापस किया जाएगा।

आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि चार मार्च को पहला सेमीफाइनल, पांच मार्च को दूसरा सेमीफाइनल और आठ मार्च को फाइनल खेला जाएगा। पहला सेमीफाइनल कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम या कोलकाता के ईडन गार्डन्स में आयोजित हो सकता है, जबकि दूसरा सेमीफाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।

पाकिस्तान के क्वालीफाई करने पर बदलेगा वेन्यू

घोषणा के अनुसार, यदि पाकिस्तान सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करता है, तो वह चार मार्च को कोलंबो में पहला सेमीफाइनल खेलेगा। ऐसी स्थिति में कोलकाता के लिए खरीदे गए टिकटों का पूरा रिफंड किया जाएगा।

इसी तरह, यदि पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है, तो खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के बजाय कोलंबो में आयोजित किया जाएगा। ऐसे में अहमदाबाद के टिकट धारकों को भी उनकी राशि वापस कर दी जाएगी।

श्रीलंका के मामले में भी रिफंड

आईसीसी ने यह भी कहा है कि यदि पाकिस्तान क्वालीफाई नहीं करता, लेकिन श्रीलंका सेमीफाइनल में पहुंचता है और भारत के अलावा किसी अन्य टीम से उसका मुकाबला होता है, तो पहला सेमीफाइनल कोलंबो में खेला जाएगा। इस स्थिति में भी कोलकाता के टिकट धारकों को रिफंड मिलेगा।

हालांकि, यदि भारत और श्रीलंका आमने-सामने होते हैं या उपरोक्त परिस्थितियां लागू नहीं होतीं, तो पहला सेमीफाइनल कोलकाता में ही आयोजित किया जाएगा।

सभी टिकट आधिकारिक वेबसाइट ‘tickets.t20worldcup.com’ के जरिए खरीदे जा सकते हैं। आईसीसी ने कहा है कि जिन मैचों का आयोजन निर्धारित स्थल पर नहीं होगा, वहां के टिकट धारकों को पूरी राशि वापस कर दी जाएगी।

Read More
Next Story