IND vs NZ, FINAL: अहमदाबाद में भारतीय बल्लेबाज़ों का आया तूफान, बना डाला सबसे बड़ा कीर्तिमान
x

IND vs NZ, FINAL: अहमदाबाद में भारतीय बल्लेबाज़ों का आया तूफान, बना डाला सबसे बड़ा कीर्तिमान

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। यह टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर रहा।


IND vs NZ, T-20 World Cup Final: टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारतीय टीम ने ठीक वैसी ही निडर बल्लेबाजी की, जैसी सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ देखने को मिली थी। इस बार भी संजू सैमसन अपनी आतिशी पारी से शतक के करीब पहुंचकर चूक गए, लेकिन उनकी 89 रनों की पारी ने न्यूजीलैंड की कमर तोड़ दी। इस फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने रिकॉर्ड्स का सैलाब ला दिया।

रिकॉर्ड्स की भरमार, फाइनल में कमाल

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। यह टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है। भारत अब दुनिया की पहली ऐसी टीम बन गई है जिसने एक ही टी-20 वर्ल्ड कप में तीन-तीन बार 250+ का स्कोर खड़ा किया।

सुपर-8: जिम्बाब्वे के खिलाफ 256 रन

सेमीफाइनल: इंग्लैंड के खिलाफ 253 रन

फाइनल: न्यूजीलैंड के खिलाफ 255 रन

संजू सैमसन ने तोड़ा किंग कोहली का रिकॉर्ड

संजू सैमसन इस टूर्नामेंट के असली 'बॉस' साबित हुए। उन्होंने फाइनल में 89 रन बनाकर मार्लन सैमुअल्स और केन विलियमसन (दोनों 85 रन) के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। सैमसन ने इस टूर्नामेंट की 5 पारियों में कुल 321 रन बनाए, और विराट कोहली के एक वर्ल्ड कप में सर्वाधिक रनों (319 रन) के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को तोड़ दिया।सैमसन अब भारत के पहले ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने वर्ल्ड कप में लगातार तीन मैचों (97*, 89, 89) में अर्धशतक जड़े हैं।

अभिषेक और ईशान का पावरप्ले धमाका

सिर्फ सैमसन ही नहीं, युवा ब्रिगेड ने भी कीवी गेंदबाजों को दिन में तारे दिखा दिए। अभिषेक शर्मा ने मात्र 18 गेंदों में अर्धशतक ठोककर फाइनल में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड बनाया।

टॉप-3 का जलवा: पहली बार टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में किसी टीम के टॉप-3 बल्लेबाजों (अभिषेक 52, ईशान 54, संजू 89) ने एक ही मैच में अर्धशतक जमाए।

छक्कों की बारिश

भारतीय पारी में कुल 18 छक्के और 37 बाउंड्रीज लगीं, जो वर्ल्ड कप फाइनल के लिए एक नया विश्व रिकॉर्ड है। तो इस तरह से इस धमाकेदार फाइनल में भारतीय टीम के बल्लेबाज़ों ने अपने बल्ले से आतिशबाज़ी दिखाई और न्यूज़ीलैंड की टीम के वर्ल्ड चैंपियन बनने के अरमानों पर पानी फेर दिया।

Read More
Next Story