
IND vs NZ, T20 World Cup 2026 Final: बारिश ने बिगाड़ा खेल तो कौन बनेगा चैंपियन? क्या कहता है नियम?
8 मार्च को अहमदाबाद में भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल खेला जाना है। अगर ये मैच बारिश की वजह से पूरा नहीं हो पाता है तो फिर कौन बनेगा चैंपियन? किस टीम को मिलेगी ट्रॉफी?
IND vs NZ Final, T20 World Cup 2026: क्रिकेट के महाकुंभ का सबसे बड़ा दिन नजदीक आ गया है। 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमें शानदार फॉर्म में हैं और फैंस को एक हाई-वोल्टेज मैच की उम्मीद है। लेकिन, क्रिकेट में अक्सर एक 'विलेन' की एंट्री हो जाती है और वो है बारिश। ऐसे में हर क्रिकेट प्रेमी के मन में एक ही सवाल है कि अगर 8 मार्च को बारिश की वजह से मैच नहीं हो पाया, तो खिताब किसके पास जाएगा? कौन बनेगा टी-20 वर्ल्ड कप का विनर
क्या कहता है ICC का नियम?
ICC ने फाइनल जैसे बड़े मुकाबले के लिए पहले से ही पुख्ता इंतजाम किए हैं। अगर 8 मार्च को भारी बारिश होती है और मैच शुरू नहीं हो पाता, या बीच में ही रुक जाता है, तो इसके लिए 9 मार्च को रिजर्व डे रखा गया है। नियमों के मुताबिक, अगर 8 मार्च को मैच कुछ ओवरों के बाद रुकता है, तो मैच रिजर्व-डे यानि की 9 मार्च को वहीं से शुरू होगा जहां पर पहले दिन रोका गया था। यानी मैच दोबारा शुरू से नहीं खेला जाएगा। आईसीसी ने फाइनल के लिए दोनों दिनों पर 120-120 मिनट का अतिरिक्त समय भी रखा है, ताकि मैच पूरा कराया जा सके।
कम से कम कितने ओवर का खेल जरूरी?
आम तौर पर टी20 मैचों में नतीजे के लिए दोनों टीमों का 5-5 ओवर खेलना जरूरी होता है। लेकिन वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल और फाइनल के लिए नियम अलग हैं। मैच का आधिकारिक नतीजा निकालने के लिए दोनों टीमों को कम से कम 10-10 ओवर खेलना अनिवार्य है। अगर किसी कारणवश ओवर कम करने पड़ते हैं, तो अंपायर्स की पहली कोशिश होगी कि मैच 8 मार्च को ही पूरा हो जाए।
अगर दोनों दिन बारिश हुई, तो कौन होगा चैंपियन?
यह सबसे दिलचस्प सवाल है। अगर किस्मत ने साथ नहीं दिया और 8 मार्च के साथ-साथ 9 मार्च (रिजर्व डे) को भी बारिश के कारण खेल मुमकिन नहीं हो पाया, तो आईसीसी नियमों के अनुसार भारत और न्यूजीलैंड को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा। ऐसी स्थिति में ट्रॉफी दोनों टीमों के बीच शेयर की जाएगी। भारतीय फैंस के लिए यह यादें 2002-03 की चैंपियंस ट्रॉफी जैसी होंगी, जब भारत और श्रीलंका को बारिश के कारण संयुक्त विजेता घोषित किया गया था।
भारत के पास इतिहास रचने का मौका
भारतीय टीम इस वक्त डिफेंडिंग चैंपियन है। अगर टीम इंडिया यह फाइनल जीतती है, तो वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में लगातार दो बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी। अब तक कोई भी देश यह कारनामा नहीं कर सका है। हालांकि, राह आसान नहीं है क्योंकि न्यूजीलैंड अपनी पहली टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी के लिए जान लगा देगी। साथ ही, आईसीसी टूर्नामेंट्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड हमेशा से चुनौतीपूर्ण रहा है।

