
IND vs PAK मैच को लेकर PCB और BCB की 'ब्लैकमेलिंग', ICC के सामने रखी ये मांगे
15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने ICC के सामने कुछ मांगें रखी हैं। क्या हैं ये मांगे और क्या ICC इन मांगों को स्वीकार करेगा?
IND vs PAK: 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होगा या नहीं, अभी इस पर से पर्दा नहीं उठ पाया है। पाकिस्तान मैच के बहिष्कार की गीदड़भभकी दे रहा, वो अपनी इस गीदड़भभकी को ICC से अपनी मांगे मनवाने का औज़ार बना रहा है। अब पाकिस्तान ने ICC के सामने कुछ मांगे रखी हैं। पाकिस्तान का कहना है कि अगर ICC उनकी ये मांगे मानेगा तो ही वो भारत के खिलाफ खेलेंगे।
भारत-पाकिस्तान... वो मैच जिसे पूरी दुनिया सुपरहिट मुकाबला, महामुकाबला कहती है, लेकिन मौजूदा टी-20 वर्ल्ड कप में अब भारत और पाकिस्तान के मैच पर सस्पेंस बना हुआ है। क्योंकि पाकिस्तान इस मैच में शिरकत करने को लेकर ड्रामेबाज़ी कर रहा है। हालांकि ICC ने पाकिस्तान के अनुरोध पर इस मैच को श्रीलंका में रखा है ताकि भारत के खिलाफ उसका मैच न्यूट्रल वेन्यू पर हो। ऐसे में उसके पास मैच के बहिष्कार का कोई वाजिब आधार तो है ही नहीं। उसने ये सारी पैंतरेबाजी बांग्लादेश के लिए की है। अब पाकिस्तान ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के साथ मिलकर आईसीसी को एक तरह से 'ब्लैकमेल' करने की कोशिश की है।
15 फरवरी को होना है IND vs PAK मैच
भारत-पाकिस्तान का मैच 15 फरवरी को होना है, लेकिन इस मैच को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है। इस मैच को लेकर चल रहे गतिरोध को दूर करने के लिए आईसीसी का एक डेलिगेशन लाहौर में है। वहां आईसीसी, पीसीबी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच बातचीत के जरिए हल निकालने की कोशिश की जा रही है। मीटिंग के दौरान पीसीबी और बीसीबी ने आईसीसी के सामने जो मांगें रखी हैं। ये मांगे दिखाते हैं कि कैसे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) मिलकर ICC को मैच के बायकॉट की धमकी देकर 'ब्लैकमेल' करने की कोशिश कर रहे हैं।
पाकिस्तान ने रखी ये 3 मांगे
एक रिपोर्ट के मुताबिक PCB भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए तैयार है, लेकिन ICC को PCB की तीन मांगों को स्वीकार करना होगा।
पहली डिमांड- पाकिस्तान को वर्ल्ड बॉडी से ज्यादा रेवेन्यू चाहिए।
दूसरी डिमांड- भारत के साथ बाइलेटरल क्रिकेट संबंध फिर से शुरू किए जाएं।
तीसरी डिमांड- T20 वर्ल्ड कप में भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाएं।
पाकिस्तान ने तो अपनी 3 मांगे रखी ही हैं। इसके अलावा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी ICC के सामने अपनी दो मांगे रखी हैं।
बांग्लादेश की मांगे-
पहली डिमांड- टी20 वर्ल्ड कप से पत्ता कटने के बावजूद बांग्लादेश को पूरी की पूरी पार्टिसिपेशन फी (Participation fee) दी जाए
दूसरी डिमांड- आईसीसी टूर्नामेंट्स के लिए पाकिस्तान को मेजबानी का अधिकार मिले।
क्या पाकिस्तान की डिमांड को मानेगा ICC?
इस बात की संभावना कम ही है कि आईसीसी इस 'ब्लैकमेलिंग' के आगे झुके। क्योंकि इससे पहले भी PCB भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर ड्रामे करता रहा है। आपको याद ही होगा पिछले साल दुबई में खेले गए एशिया कप के दौरान भी पाकिस्तान ने टूर्नामेंट के बहिष्कार की धमकी दी थी। जब भारतीय खिलाड़ियों ने मैच के बाद पाकिस्तानी टीम से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था। तब पाकिस्तान ने आईसीसी के सामने शर्त रखी थी कि मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को टूर्नामेंट के बाकी सभी मैचों से बाहर किया जाए। PCB की इस ड्रामेबाज़ी से भारत-पाकिस्तान मैच में देरी जरुर हुई थी, लेकिन फिर बाद में पाकिस्तान ने ना सिर्फ एशिया कप के सारे के सारे मैच खेल बल्कि मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट पहले से तय कार्यक्रमों के हिसाब से मैचों में भी दिखाई दिए थे। हालांकि एशिया कप से ICC का कोई लेना देना नहीं थे, क्योंकि एशिया कप को एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) करवाता है।
ऐसे में अब ये देखना दिलचस्प होगा कि अगर आईसीसी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की इन मांगों को नहीं मानता, तो फिर पाकिस्तान का स्टैंड क्या होगा? क्या PCB इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से पंगा लेने की हिमाकत करेगा?

