
भारत-साउथ अफ्रीका सुपर-8 मुकाबला आज, 2024 फाइनल का बदला या बादशाहत?
टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 में आज भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अहमदाबाद में भिड़ंत होगी, शाम 7 बजे से शुरू होगा मैच, ईशान और मार्करम पर टिकी रहेंगी सबकी नजरें।
ICC Men's T 20 World Cup : टी-20 वर्ल्ड कप में आज सुपर-8 स्टेज का तीसरा मैच पिछले बार की दोनों फाइनलिस्ट भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा। टॉस का समय शाम 6:30 बजे तय किया गया है। दोनों टीमों के बीच पिछला मुकाबला 2024 एडिशन का फाइनल था। उस ऐतिहासिक मैच में भारत ने 7 रन से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया था। इस बार भी दोनों टीमें ग्रुप स्टेज में अपने सभी 4-4 मैच जीतकर अजेय रही हैं। भारत ने पाकिस्तान और अमेरिका जैसी टीमों को मात दी है। वहीं साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान को हराकर टॉप पर जगह बनाई है।
सांख्यिकी और इतिहास: टीम इंडिया का पलड़ा भारी
टी-20 इंटरनेशनल के इतिहास में भारत ने अपना पहला मैच ही साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था। 2006 से अब तक दोनों के बीच 35 मैच हुए हैं। इनमें भारत ने 21 और साउथ अफ्रीका ने 13 मुकाबले जीते हैं। एक मैच का नतीजा नहीं निकल सका। वर्ल्ड कप के मुकाबलों की बात करें तो यहाँ भी भारत आगे है। कुल 7 भिड़ंत में से 5 बार भारत ने जीत का स्वाद चखा है। अहमदाबाद के इस मैदान पर भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है। टीम इंडिया ने यहाँ 9 में से 7 मैच जीते हैं। वहीं साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस मैदान पर हुए एकमात्र मैच में भी भारत को 36 रन से जीत मिली थी।
ईशान किशन और वरुण चक्रवर्ती का फॉर्म बना भारत की ताकत
इस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के लिए ईशान किशन रनों का अंबार लगा रहे हैं। उन्होंने 4 मैचों में 176 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 77 रन रहा है। गेंदबाजी विभाग में वरुण चक्रवर्ती का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है। वरुण ने 4 मैचों में अब तक 9 विकेट झटके हैं। दूसरी तरफ साउथ अफ्रीका के लिए कप्तान ऐडन मार्करम फॉर्म में हैं। उन्होंने 4 मैचों में 178 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी प्रोटियाज टीम के लिए अहम कड़ी साबित हुए हैं। एनगिडी ने 3 मैचों में 8 विकेट चटकाकर अपनी उपयोगिता साबित की है।
पिच रिपोर्ट: बल्लेबाजों की मौज और 'ड्यू फैक्टर' का असर
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच सपाट और बैटिंग फ्रेंडली मानी जाती है। यहाँ पहली पारी का औसत स्कोर 190 रन है। यह संकेत है कि आज एक हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है। नई गेंद के साथ तेज गेंदबाजों को शुरुआत में मदद मिल सकती है। बीच के ओवरों में स्पिनर्स को टर्न मिलने की उम्मीद है। रविवार को अहमदाबाद में आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहेगा। शाम के समय 'ड्यू फैक्टर' यानी ओस की भूमिका अहम होगी। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद कर सकती है।
अभिषेक शर्मा की फॉर्म और संभावित प्लेइंग-11
ओपनर अभिषेक शर्मा का फॉर्म टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय है। इस वर्ल्ड कप के 3 मैचों में वे अब तक खाता नहीं खोल पाए हैं। हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उनका पूरा समर्थन किया है। सूर्या ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्हें आगे वाली टीमों के लिए चिंता है जिन्हें अभिषेक का सामना करना पड़ेगा। टीम इंडिया में आज एक बदलाव संभव है। उपकप्तान अक्षर पटेल की प्लेइंग-11 में वापसी हो सकती है। उनकी जगह वॉशिंगटन सुंदर को बाहर बैठना पड़ सकता है। साउथ अफ्रीका भी अपनी सबसे मजबूत टीम के साथ मैदान पर उतरेगी।
Next Story

