भारत की धमाकेदार जीत: ईशान किशन का शतक, अर्शदीप का पंजा; न्यूजीलैंड ढेर
x

भारत की धमाकेदार जीत: ईशान किशन का शतक, अर्शदीप का पंजा; न्यूजीलैंड ढेर

IND vs NZ T20: भारत की ओर से ईशान किशन ने 103 रनों की जबरदस्त पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 42 गेंदों में शतक जड़ा, जिसमें 10 छक्के और 6 चौके शामिल रहे।


Click the Play button to hear this message in audio format

India vs New Zealand 5th T20: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का 5वां और आखिरी मुकाबला शनिवार, 31 जनवरी को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 46 रनों से हराकर सीरीज पर 4-1 से कब्जा कर लिया। टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड के सामने 272 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा।

ईशान किशन का शतक, सूर्या की तूफानी पारी

भारत की ओर से ईशान किशन ने 103 रनों की जबरदस्त पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 42 गेंदों में शतक जड़ा, जिसमें 10 छक्के और 6 चौके शामिल रहे। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 63 रनों की तेज पारी खेली। ईशान और सूर्या के बीच तीसरे विकेट के लिए 57 गेंदों में 137 रनों की साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया। इसके अलावा हार्दिक पांड्या ने भी 17 गेंदों में 42 रन बनाकर स्कोर को और मजबूत किया। भारत ने आखिरी 10 ओवरों में 169 रन ठोक दिए और 20 ओवर में विशाल स्कोर खड़ा किया।

न्यूजीलैंड की पारी लड़खड़ाई

272 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही। टीम ने जल्दी ही टिम सेफर्ट का विकेट गंवा दिया। हालांकि, फिन एलन ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में 80 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होते ही न्यूजीलैंड की पारी बिखर गई। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाए। अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती को भी अहम सफलताएं मिलीं। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19.4 ओवर में 225 रन पर सिमट गई।

वर्ल्ड कप से पहले आखिरी तैयारी

यह मुकाबला इसलिए भी खास था। क्योंकि 7 फरवरी से शुरू हो रहे आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप से पहले दोनों टीमों के लिए यह आखिरी सीरीज थी। अब भारत और न्यूजीलैंड की टीमें सीधे विश्व कप में नजर आएंगी।

भारत की प्लेइंग इलेवन

अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह

न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन

टिम सेफर्ट, फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, बेवन जैकब्स, मिचेल सेंटनर, काइल जेमिसन, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी

Read More
Next Story