WTC फाइनल दौड़: 8 में 3 हार…क्या भारत की उम्मीदें अब भी जिंदा हैं? जानें पूरा हाल
x

WTC फाइनल दौड़: 8 में 3 हार…क्या भारत की उम्मीदें अब भी जिंदा हैं? जानें पूरा हाल

World Test Championship: कप्तान नया है और कई खिलाड़ियों की जगह पक्की नहीं है। हालांकि, एक राहत की बात यह है कि भारत के पास अभी 10 टेस्ट बचे हैं, जिनमें से 6 घरेलू मैदान पर हैं।


Click the Play button to hear this message in audio format

India WTC 2025-27: कोलकाता टेस्ट में मिली हार के बाद भारत की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025–27 में स्थिति काफी कमजोर हो गई है। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया अब तक इस चक्र में 8 टेस्ट खेल चुकी है, जिनमें 3 हारे, 4 जीते और 1 ड्रॉ रहा है। यह प्रदर्शन फाइनल में पहुंचने के लिए जरूरी मानकों से काफी कम है।

भारत का वर्तमान अंक प्रतिशत

टीम इंडिया का मौजूदा अंक प्रतिशत (PCT) 54.17% है। अतीत के तीन WTC चक्रों पर नजर डालें तो फाइनल में पहुंचने के लिए 64–68% अंक प्रतिशत जरूरी माना जाता है। यानी भारत की राह बेहद चुनौतीपूर्ण हो चुकी है।

भारत के सामने अब कौन-कौन सी सीरीज बची हैं?

भारत को इस चक्र में कुल 18 टेस्ट खेलने थे, जिनमें से 8 पूरे हो चुके हैं। अब टीम के पास 10 महत्वपूर्ण टेस्ट बचे हैं।

घरेलू सीरीज: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1 टेस्ट (गुवाहाटी)

श्रीलंका दौरा: 2 टेस्ट

न्यूजीलैंड दौरा: 2 टेस्ट

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज: 5 टेस्ट

इन सभी मुकाबलों में भारत को लगभग बेहतरीन खेल दिखाना होगा। खासकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 टेस्ट की घरेलू सीरीज भारत की किस्मत तय कर सकती है, क्योंकि यहां हार की गुंजाइश बहुत कम है।

भारत को फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए कितनी जीत चाहिए?

अगर भारत अपने सभी 10 बचे हुए टेस्ट जीत लेता है तो कुल अंक 172 हो जाएंगे और अंक प्रतिशत 79.63% हो जाएंगे. इस तरह भारत का फाइनल लगभग पक्का हो जाएगा। लेकिन यह आदर्श स्थिति है। इसलिए देखते हैं कि 10 मैचों में कितनी जीत पर भारत का अंक प्रतिशत कैसा रहेगा:-

| अगले 10 टेस्ट में जीत | अंक प्रतिशत |

| --------------------- | ----------- |

| 5 जीत | 51.85% |

| 6 जीत | 57.41% |

| 7 जीत | 62.96% |

| 8 जीत | 68.52% |

| 9 जीत | 74.07% |

| 10 जीत | 79.63% |

-----------------

भारत को कम से कम 8 जीत चाहिए, ताकि अंक प्रतिशत 68% से ऊपर जाकर टीम शीर्ष-2 में जगह बना सके।

WTC इतिहास क्या बताता है?

पिछले चक्रों में फाइनल खेलने वाली टीमों का अंक प्रतिशत हमेशा 65–70% के बीच रहा है:-

2019–2021 (विजेता: न्यूजीलैंड)

भारत: 72.2%

न्यूजीलैंड: 70%

2021–2023 (विजेता: ऑस्ट्रेलिया)

ऑस्ट्रेलिया: 66.7%

भारत: 58.8%

2023–2025 (विजेता: दक्षिण अफ्रीका)

दक्षिण अफ्रीका: 69.44%

ऑस्ट्रेलिया: 67.54%

इन आंकड़ों से साफ है कि टॉप-2 में आने के लिए टीमों का अंक प्रतिशत 65–70% के बीच होना जरूरी है। इसलिए भारत को अपने बचे हुए 10 में से कम से कम 8 मुकाबले जीतने होंगे।

भारत के सामने बड़ी चुनौतियां

भारत की मुश्किल सिर्फ विरोधियों के दमदार खेल की नहीं, बल्कि अपने ही अस्थिर प्रदर्शन की भी है।

विदेशी पिचों पर बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे हैं। टीम अभी बदलाव के दौर में है। कप्तान नया है और कई खिलाड़ियों की जगह पक्की नहीं है। हालांकि, एक राहत की बात यह है कि भारत के पास अभी 10 टेस्ट बचे हैं, जिनमें से 6 घरेलू मैदान पर हैं। अगर टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाती है तो फाइनल की दौड़ में बने रहने का मौका अभी भी है।

Read More
Next Story