
T20WorlCup2026 : भारत–पाकिस्तान मैच की संभावना बनी, मैच बायकॉट पर पाकिस्तान के यूटर्न लेने के आसार
पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बायकॉट वापस ले सकता है। खुद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस सिलसिले में आईसीसी के साथ बातचीत की टेबल पर आया है।
टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट के पहले ही दिन पाकिस्तान के रुख में अचानक बदलाव आया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच के बहिष्कार को लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से बातचीत शुरू करने के लिए संपर्क किया है। इस बदली हुई फिज़ा ने कोलंबो में 15 फरवरी को दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वियों के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए संभावनायें जगा दी हैं।
PCB ने यह कदम तब उठाया गया है, जब ICC ने PCB को डीटेल चिट्ठी भेजी है। मीडिया रिपोर्ट्स बता रही हैं कि जब ICC ने PCB को यह बताया कि ‘फोर्स मेजर’ लागू करने की स्थिति में उसे कितने बड़े वित्तीय दावों और नुकसान का सामना करना पड़ सकता है, तभी PCB का रुख बदलना शुरू हुआ। इसीलिए टकराव के बजाय बातचीत होगी का रास्ता तलाशा गया।
इससे पहले PCB ने अपनी सरकार के निर्देशों का हवाला देते हुए भारत के खिलाफ मैच से आखिरी वक्त में हटने को सही ठहराने के लिए ‘फोर्स मेजर’ क्लॉज का इस्तेमाल किया था। PCB ने जिस ‘फोर्स मेजर’ क्लॉज का हवाला दिया है, वह उन अप्रत्याशित परिस्थितियों से जुड़ा होता है, जिनके कारण किसी कॉन्ट्रेक्ट को पूरा करना संभव नहीं रह जाता। ICC के सामने यह क्लॉज रखते समय PCB ने 1 फरवरी को पाकिस्तान सरकार की उस सोशल मीडिया पोस्ट को भी संलग्न किया था, जिसमें भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का निर्देश दिया गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार को पाकिस्तान सरकार के अभूतपूर्व हस्तक्षेप के बाद ICC ने एक बयान जारी कर PCB को संभावित नतीजों की याद दिलाई। हालांकि आईसीसी ने किसी तरह के प्रतिबंधों का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया, लेकिन यह चर्चा है कि PCB पर भारी जुर्माना लगाया जा सकता है, क्योंकि उसके कदम से इस हाई-वैल्यू मैच में ब्रॉडकास्टर को बड़ा नुकसान होगा। ICC, PCB को द्विपक्षीय सीरीज़ से अस्थायी रूप से प्रतिबंधित भी कर सकता है, जिससे पाकिस्तान क्रिकेट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़ सकता है।
माना जा रहा है कि इन तमाम हालातों को देखते हुए पीसीबी के रुख में अचानक बदलाव आया है और इसीलिए भारत-पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को होने वाले उस हाईवोल्टेज मैच की संभावनायें पैदा हो गई हैं।

