
भारत-पाक मैच पर फैसला होते ही कोलंबो की टिकट महंगी, फ्लाइट का किराया ₹74,000 तक पहुंचा
15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप मैच के बायकॉट से पाकिस्तान के यूटर्न लेने के साथ ही उस मैच को लेकर क्रेज बढ़ गया है। इसकी वजह से कोलंबो जाने वाली फ्लाइट के किराये में उछाल आ गया है।
15 फरवरी को कोलंबो में होने वाला भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार खेले जाने की पुष्टि के बाद मुनाफा कमाने का खेल शुरू हो गया है। दिल्ली और मुंबई से श्रीलंका की राजधानी कोलंबो जाने वाली फ्लाइट्स के किराए में तेज उछाल देखा गया है।
मंगलवार को दिल्ली और मुंबई से कोलंबो जाने वाली फ्लाइट टिकटों के दाम अचानक बढ़ गए। मुंबई–कोलंबो–मुंबई की राउंड ट्रिप फ्लाइट (14 फरवरी और 16 फरवरी) का किराया ₹74,119 से शुरू होकर ₹87,833 तक पहुंच गया। ये कीमतें सामान्य तौर पर सबसे ज्यादा रहने वाले किराए से ₹40,000 से अधिक हैं।
इसी तरह, इन्हीं तारीखों के लिए दिल्ली–कोलंबो–दिल्ली राउंड ट्रिप फ्लाइट का किराया ₹47,584 से बढ़कर ₹83,264 तक पहुंच गया। ये दरें भी सामान्य उच्चतम किराए से ₹6,000 से ज्यादा हैं।
ICC को 174 मिलियन डॉलर की बचत
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले की पुष्टि होने से ICC को 174 मिलियन अमेरिकी डॉलर की बचत हुई है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक कुल नुकसान करीब 174 मिलियन डॉलर होता, जिसमें ब्रॉडकास्टर्स, टिकट बिक्री और अन्य प्रायोजकों से जुड़ा नुकसान शामिल था।
ICC ने एक बयान में कहा, “ICC और PCB के बीच संवाद व्यापक बातचीत का हिस्सा था, जिसमें दोनों पक्षों ने रचनात्मक तरीके से आगे बढ़ने की जरूरत को समझा और खेल के सर्वोत्तम हित में ईमानदारी, निष्पक्षता और सहयोग के साथ एकजुट, प्रतिबद्ध और उद्देश्यपूर्ण रहने पर सहमति जताई। इसी भावना के तहत यह तय किया गया कि सभी सदस्य ICC आयोजनों में भागीदारी की शर्तों के अनुसार अपनी प्रतिबद्धताओं का सम्मान करेंगे और मौजूदा ICC पुरुष टी20 वर्ल्ड कप को सफल बनाने के लिए आवश्यक हर कदम उठाएंगे।”
बायकॉट का फैसला ऐसे हुआ वापस
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB), बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के बीच हुई बातचीत के बाद पाकिस्तान सरकार ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का अपना पहले का फैसला वापस ले लिया।
मंगलवार (10 फरवरी) को पाकिस्तान सरकार ने कहा कि “मित्र देशों के अनुरोध” के बाद उसने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का अपना फैसला वापस ले लिया है।
पाकिस्तान सरकार ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा,“बहुपक्षीय चर्चाओं में हासिल परिणामों और मित्र देशों के अनुरोध को देखते हुए पाकिस्तान सरकार यहां निर्देश देती है कि पाकिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप के अपने निर्धारित मुकाबले में मैदान पर उतरे। यह निर्णय क्रिकेट की भावना की रक्षा करने और सभी भाग लेने वाले देशों में इस वैश्विक खेल की निरंतरता को समर्थन देने के उद्देश्य से लिया गया है।”

