
IPL 2026 के 5 अनकैप्ड खिलाड़ी, जो बन सकते हैं अगले रोहित, विराट और बुमराह
IPL एक ऐसा टूर्नामेंट है, जहां रातों-रात किस्मत बदल जाती है। इस बार भी IPL में कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपने प्रदर्शन से धमाल मचा सकते हैं। आइए नजर डालते हैं उन युवा खिलाड़ियों पर, जो बन सकते हैं क्रिकेट जगत के नए पोस्टर बॉय।
IPL 2026 5 New Young Super Stars: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) हमेशा से युवाओं के लिए एक ऐसा मंच रहा है जहाँ रातों-रात किस्मत बदलती है। पिछले साल वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे ने अपनी प्रतिभा से सबको चौंकाया था, तो इस बार भी 10 टीमों की नजरें उन 'अनकैप्ड' खिलाड़ियों पर हैं जो भविष्य के सितारे बन सकते हैं। आइए नजर डालते हैं उन 5 युवा खिलाड़ियों पर, जो IPL 2026 में क्रिकेट जगत के नए पोस्टर बॉय बन सकते हैं।
1. प्रशांत वीर (चेन्नई सुपर किंग्स)
अमेठी के रहने वाले 20 वर्षीय प्रशांत वीर इस समय चर्चा का केंद्र हैं। बाएं हाथ से स्पिन और आक्रामक बल्लेबाजी करने वाले प्रशांत को चेन्नई सुपर किंग्स ने 14.20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में खरीदा है। टीम उन्हें रविंद्र जडेजा के उत्तराधिकारी के रूप में देख रही है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में 167 के स्ट्राइक रेट और 6.45 की इकॉनमी ने यह साबित कर दिया है कि उनमें बड़े मंच पर खेलने का माद्दा है।
2. मंगेश यादव (RCB)
मंगेश यादव की कहानी संघर्ष और सपनों की मिसाल है। उनके पिता रामावध यादव एक ट्रक ड्राइवर हैं, जिन्होंने अपने बेटे की ट्रेनिंग के लिए कई रातें सड़क पर बिना सोए गुजारीं। मंगेश की किस्मत तब बदली जब उन्होंने मध्य प्रदेश टी20 लीग के 6 मैचों में 14 विकेट झटके। RCB के ट्रायल्स में दिनेश कार्तिक (DK) ने उनकी परीक्षा ली और उनकी गेंदबाजी से प्रभावित होकर उन्हें टीम में शामिल किया। उनकी रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ विरोधियों के लिए काल बन सकती है। मंगेश को RCB ने 5.20 करोड़ में खरीदा था।
3. कार्तिक शर्मा (चेन्नई सुपर किंग्स)
CSK ने इस बार केवल प्रशांत ही नहीं, बल्कि राजस्थान के विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा पर भी 14.20 करोड़ रुपये का दांव लगाया है। 19 साल के इस खिलाड़ी की छक्के लगाने की काबिलियत ने आर अश्विन और केविन पीटरसन जैसे दिग्गजों को उनका मुरीद बना दिया है। 12 टी20 मैचों में 28 छक्के जड़ने वाले कार्तिक निचले क्रम में टीम के लिए 'फिनिशर' की भूमिका निभा सकते हैं।
4. आकिब नबी (दिल्ली कैपिटल्स)
जम्मू-कश्मीर के 29 वर्षीय आकिब नबी भले ही उम्र में युवा न हों, लेकिन आईपीएल के लिए वह एक फ्रेश चेहरा हैं। रणजी ट्रॉफी में 60 से अधिक विकेट लेकर अपनी टीम को खिताब दिलाने वाले नबी अब दिल्ली कैपिटल्स की जर्सी में नजर आएंगे। पावरप्ले में गेंदबाजी करने की उनकी क्षमता उन्हें खास बनाती है, हालांकि 130 किमी/घंटा के आसपास की उनकी गति अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों के सामने उनकी परीक्षा लेगी।
5. तेजस्वी दहिया (कोलकाता नाइट राइडर्स)
KKR के पास मध्य क्रम में मजबूती देने के लिए दिल्ली के 23 वर्षीय तेजस्वी दहिया एक शानदार विकल्प हैं। पिछले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 168 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले दहिया एक बेहतरीन बल्लेबाज-विकेटकीपर हैं। कोच अभिषेक नायर की देखरेख में वह अपनी तकनीक को और निखार चुके हैं और मौका मिलने पर वह मैच का पासा पलटने की ताकत रखते हैं।

