
IPL 2026 में होंगे कितने मुकाबले, कब आएगा पूरा शेड्यूल? खत्म हुआ सस्पेंस, आया नया अपडेट
IPL 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है, लेकिन अब तक केवल 20 मैचों का शेड्यूल ही जारी हुआ है। विधानसभा चुनावों के चलते चेन्नई, कोलकाता और गुवाहाटी के मैचों की तारीखों में बदलाव देखा जा सकता है।
IPL 2026 Schedule: आईपीएल (IPL) के दीवानों के लिए उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। क्रिकेट के इस सबसे बड़े त्योहार के शुरू होने में अब एक हफ्ते से भी कम का समय बचा है, लेकिन फैंस के मन में अभी भी कई सवाल हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर पूरा शेड्यूल कब आएगा? बीसीसीआई (BCCI) ने अभी तक केवल 28 मार्च से 12 अप्रैल तक का शेड्यूल ही जारी किया है, जिसमें सिर्फ 20 मैच शामिल हैं। ऐसे में हर कोई जानना चाहता है कि क्या इस बार मैचों की संख्या बढ़ेगी या रोमांच उतना ही रहेगा? आइए जानते हैं क्या है लेटेस्ट अपडेट।
क्या इस बार 80 मैच होंगे?
पिछले कुछ दिनों से क्रिकेट गलियारों में यह चर्चा जोरों पर थी कि BCCI इस बार मैचों की संख्या बढ़ाकर 80 कर सकती है। फैंस को उम्मीद थी कि उन्हें और ज्यादा मुकाबले देखने को मिलेंगे। लेकिन 'क्रिकबज' की ताज़ा रिपोर्ट ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, IPL 2026 में कुल 74 मैच ही खेले जाएंगे, जैसा कि पिछले सीजन में हुआ था। इसका मतलब है कि 20 मैचों का कार्यक्रम पहले ही आ चुका है और अब केवल 54 मुकाबलों की तारीखों का ऐलान होना बाकी है।
कब आएगा बाकी मैचों का शेड्यूल?
शेड्यूल में हो रही देरी का मुख्य कारण देश के कुछ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव हैं। BCCI चुनाव आयोग की तारीखों के साथ तालमेल बिठाने की कोशिश कर रहा था ताकि सुरक्षा और आयोजन में कोई दिक्कत न आए। अब खबर है कि बोर्ड ने सभी 10 फ्रेंचाइजी को सूचित कर दिया है कि अगले 3-4 दिनों में, यानी 26 मार्च तक, बाकी बचे हुए 54 मैचों का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा।
चुनाव और IPL: इन तारीखों पर नहीं होंगे मैच
विधानसभा चुनाव के कारण कुछ शहरों में मैचों के आयोजन पर असर पड़ेगा। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार:
चेन्नई: 23 अप्रैल को वोटिंग की वजह से यहाँ मैच नहीं होगा।
कोलकाता: 23 और 29 अप्रैल को ईडन गार्डन्स में कोई मुकाबला नहीं खेला जाएगा।
गुवाहाटी: 9 अप्रैल को यहाँ मैच का आयोजन नहीं होगा।
4 मई को मतगणना (Counting) होनी है, इसलिए उस दिन भी कोई मैच शेड्यूल नहीं किया जाएगा। फैंस को उम्मीद है कि फाइनल मुकाबला 31 मई को ही खेला जाएगा।
राजस्थान रॉयल्स का 'होम ग्राउंड' सस्पेंस
आने वाले शेड्यूल में सबसे ज्यादा नजरें राजस्थान रॉयल्स (RR) पर होंगी। शुरुआती शेड्यूल में राजस्थान के तीनों होम मैच गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में रखे गए हैं। फैंस यह जानना चाहते हैं कि क्या टीम अपने बाकी 4 होम मैच वापस अपने शहर जयपुर (सवाई मानसिंह स्टेडियम) में खेलेगी या फिर गुवाहाटी को ही अपना स्थायी बेस बनाएगी। यह सस्पेंस भी 26 मार्च तक खत्म हो जाएगा।

