
IPL 2026: बांग्लादेश सरकार का बड़ा यू-टर्न, अब पड़ोसी देश में भी दिखेगा आईपीएल का रोमांच
IPL 2026 के उद्घाटन मैच से ठीक पहले बांग्लादेश सरकार ने आईपीएल के लाइव प्रसारण पर लगा प्रतिबंध हटा दिया है। पिछली सरकार ने मुस्तफिजुर रहमान विवाद के बाद यह बैन लगाया था।
IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का आगाज में चंद घंटों का समय बचा है। पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। करोड़ों फैंस इस महामुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन इस बीच क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और बड़ी और सुखद खबर पड़ोसी देश बांग्लादेश से आई है। बांग्लादेश की नई सरकार ने आईपीएल के लाइव प्रसारण पर लगा बैन हटाने का फैसला किया है।
पिछली सरकार के फैसले को पलटा
आपको बता दें कि कुछ समय पहले मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर किए जाने के विवाद के बाद बांग्लादेश में भारी आक्रोश देखा गया था। प्रसिद्ध अर्थशास्त्री मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली पिछली अंतरिम सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए देश में आईपीएल के लाइव प्रसारण पर पूरी तरह रोक लगा दी थी। इस प्रतिबंध के कारण स्थानीय चैनल और केबल ऑपरेटर टूर्नामेंट को नहीं दिखा पा रहे थे, जिससे वहां के लाखों क्रिकेट फैंस दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी20 लीग देखने से वंचित थे।
नई सरकार का 'सकारात्मक' रुख
शनिवार को बांग्लादेश के नवनिर्वाचित सूचना और प्रसारण मंत्री जाहिद उद्दीन स्वपन ने साफ किया कि खेल को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार अब इस मुद्दे पर उदार रुख अपना रही है। जाहिद उद्दीन ने पुष्टि की कि अगर कोई स्थानीय चैनल आईपीएल का प्रसारण करना चाहता है, तो सरकार उस पर सकारात्मक रूप से विचार करेगी।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "हमने अभी तक किसी को आईपीएल दिखाने से नहीं रोका है। अगर स्टार स्पोर्ट्स (Star Sports) या कोई अन्य भारतीय खेल चैनल इसका प्रसारण करना चाहता है, तो वे स्वतंत्र हैं। हम इसे एक व्यावसायिक नजरिए से देख रहे हैं और खेल के साथ राजनीति को नहीं जोड़ना चाहते।"
रिश्तों में सुधार की उम्मीद
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि बांग्लादेश सरकार का यह 'यू-टर्न' भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने की दिशा में एक बड़ा कदम हो सकता है। पिछली सरकार के समय पैदा हुई कड़वाहट को कम करने के लिए खेल एक बेहतर माध्यम साबित हो सकता है।
विराट कोहली पर रहेंगी नजरें
आज के मैच की बात करें तो सबकी निगाहें आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पर होंगी। कोहली एक 'महारिकॉर्ड' के बेहद करीब हैं। अगर वे आज के मैच में महज 29 रन बना लेते हैं, तो वे टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले नंबर-1 एशियाई बल्लेबाज बन जाएंगे। ऐसे में बांग्लादेशी फैंस के लिए इस ऐतिहासिक पल को लाइव देखना किसी तोहफे से कम नहीं होगा।

