IPL 2026 से पहले ही लगा 22.4 करोड़ का झटका, 3-3 दिग्गज हुए बाहर
x

IPL 2026 से पहले ही लगा 22.4 करोड़ का झटका, 3-3 दिग्गज हुए बाहर

IPL 2026 से पहले ही 3-3 टीमों को बड़ा झटका लगा है। 3-3 स्टार खिलाड़ी चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। दिलचस्प बात यह है कि ये तीनों खिलाड़ी पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा थे।


IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का बिगुल बजने में अब बस कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन क्रिकेट के इस महाकुंभ के शुरू होने से पहले ही कई फ्रेंचाइजियों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। 28 मार्च से शुरू हो रहे इस रोमांचक सफर से पहले खबर आ रही है कि कई स्टार खिलाड़ी चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि महज 24 घंटे के भीतर तीन बड़े खिलाड़ियों के बाहर होने की खबर आई है, जिनकी कुल कीमत 22.4 करोड़ रुपये है।

CSK को लगा पहला झटका

डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले ही जॉश हेजलवुड की कमी महसूस कर रही है, वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के खेमे से भी बुरी खबर आई है। CSK के सीईओ काशी विश्वनाथन ने पुष्टि की है कि तेज गेंदबाज नाथन एलिस (2 करोड़ रुपये) हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण इस पूरे सीजन में नहीं खेल पाएंगे। एलिस की गैरमौजूदगी चेन्नई के डेथ ओवरों की गेंदबाजी रणनीति को प्रभावित कर सकती है।

RR का दमदार ऑलराउंडर हुआ बाहर

राजस्थान रॉयल्स के लिए भी खबर अच्छी नहीं है। इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर सैम करन, जिन्हें राजस्थान ने पिछले सीजन के बाद 2.4 करोड़ रुपये में ट्रेड किया था, ग्रोइन इंजरी (Groin Injury) के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, करन अपनी चोट से समय पर नहीं उबर पाएंगे। राजस्थान ने उन्हें एक मैच-विनर के तौर पर टीम में शामिल किया था, लेकिन अब उन्हें मैदान पर उतरे बिना ही रिप्लेसमेंट ढूंढना होगा।

KKR को 18 करोड़ का नुकसान?

सबसे बड़ा झटका कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को लगा है। श्रीलंका के घातक तेज गेंदबाज मथीषा पथिराणा, जिन्हें KKR ने 18 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में खरीदा था, फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर सके हैं। श्रीलंकाई मीडिया के अनुसार, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें अनापत्ति प्रमाण पत्र (NoC) देने से मना कर दिया है। पथिराणा टी20 वर्ल्ड कप के दौरान चोटिल हुए थे और अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हैं। KKR के लिए उनकी गैरमौजूदगी गेंदबाजी आक्रमण को काफी कमजोर कर सकती है।

इन तीनों खिलाड़ियों के बाहर होने में एक बहुत ही दिलचस्प 'चेन्नई कनेक्शन' सामने आया है। दरअसल, ये तीनों ही खिलाड़ी पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के स्क्वॉड का हिस्सा थे।

सैम करन: पिछले साल CSK में थे, इस साल राजस्थान ने ट्रेड किया था।

मथीषा पथिराणा: पिछले साल तक CSK के 'बेबी मलिंगा' थे, जिन्हें इस बार KKR ने खरीदा।

नाथन एलिस: एकमात्र खिलाड़ी जो इस साल भी CSK के साथ थे।

बदल जाएगी टीमों की रणनीति

आईपीएल जैसे लंबे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों की चोट नई बात नहीं है, लेकिन सीजन शुरू होने से ठीक 9 दिन पहले इतने बड़े नामों का बाहर होना टीमों के संतुलन को बिगाड़ देता है। अब देखना यह होगा कि चेन्नई, कोलकाता और राजस्थान इन दिग्गजों की जगह किन खिलाड़ियों को मौका देती हैं। पैट कमिंस और जॉश हेजलवुड की वापसी पर भी सस्पेंस बरकरार है, जिससे यह सीजन कप्तानों और कोचों के लिए एक बड़ी चुनौती साबित होने वाला है।

Read More
Next Story