
IPL 2026: क्या पंजाब किंग्स पूरा कर पाएगी अधूरा सपना? पहले ही मैच में गुजरात के टाइटंस से टक्कर
IPL 2026 के चौथे मैच में पिछले साल की उपविजेता पंजाब किंग्स का सामना गुजरात टाइटन्स से होगा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब की टीम पिछले साल फाइनल में 6 रन से हार गई थी।
IPL 2026 PBKS vs GT: आईपीएल 2026 का रोमांच अपने चरम पर है और मंगलवार, 31 मार्च को लीग का चौथा मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच पिछले साल की उपविजेता पंजाब किंग्स (PBKS) और 2022 की चैंपियन गुजरात टाइटन्स (GT) के बीच मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। एक तरफ श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब की टीम है, जो पिछले साल के अपने अधूरे सपने को पूरा करने उतरेगी, तो दूसरी तरफ संतुलित और मजबूत गुजरात की टीम है।
पंजाब किंग्स: क्या इस बार जीतेगी खिताब?
पंजाब किंग्स के लिए पिछला सीजन (2025) ऐतिहासिक रहा था। टीम ने अपने इतिहास में दूसरी बार फाइनल तक का सफर तय किया था, हालांकि खिताबी मुकाबले में उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हाथों महज 6 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
अच्छी बात यह है कि पंजाब ने अपनी उस सफल टीम में बहुत बड़े बदलाव नहीं किए हैं। उन्होंने अपनी कोर टीम पर भरोसा जताया है। मिनी ऑक्शन में टीम ने कूपर कोनोली और बेन ड्वार्शिस जैसे केवल चार खिलाड़ियों को जोड़कर अपनी बेंच स्ट्रेंथ को मजबूत किया है। टीम की कमान एक बार फिर श्रेयस अय्यर के हाथों में है, जिनसे शानदार कप्तानी और बल्लेबाजी की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह पंजाब के सबसे बड़े हथियार होंगे। हालांकि, शुरुआत में टीम को लॉकी फर्ग्यूसन की कमी खलेगी, जो पितृत्व अवकाश (Parental Leave) के कारण शुरुआती मैचों के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
गुजरात टाइटन्स: सितारों से सजी संतुलित टीम
गुजरात टाइटन्स ने पिछले साल तीसरा स्थान हासिल किया था, लेकिन एलिमिनेटर में मुंबई इंडियंस से हारकर उनका सफर खत्म हो गया था। गुजरात की ताकत उनकी निरंतरता है। पिछले साल उनके पास पर्पल कैप विजेता प्रसिद्ध कृष्णा और ऑरेंज कैप विजेता साई सुदर्शन दोनों मौजूद थे, जो उनकी मजबूती को दर्शाता है।
इस सीजन के लिए गुजरात ने मिनी ऑक्शन में ल्यूक वुड, जेसन होल्डर और टॉम बैंटन जैसे विदेशी खिलाड़ियों को शामिल कर अपनी टीम को और भी खतरनाक बना लिया है। गुजरात के पास फिलहाल कोई भी खिलाड़ी अनउपलब्ध नहीं है, यानी वे अपनी पूरी ताकत के साथ मैदान पर उतरेंगे।
मैदान की जंग और आंकड़े
मुल्लांपुर की पिच पर तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है, जहाँ अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा के बीच की टक्कर देखने लायक होगी। पंजाब जहां अपनी 'विनिंग कॉम्बिनेशन' को बरकरार रखना चाहेगी, वहीं गुजरात अपनी नई विदेशी ब्रिगेड के साथ पंजाब के किले में सेंध लगाने की कोशिश करेगी।
दोनों ही टीमें प्लेऑफ की प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं। श्रेयस अय्यर की कप्तानी की परीक्षा और साई सुदर्शन की क्लासिक बल्लेबाजी इस मैच के मुख्य आकर्षण होंगे। पंजाब के प्रशंसकों को उम्मीद होगी कि टीम जीत के साथ आगाज करे और पिछले साल की कसर इस बार ट्रॉफी जीतकर पूरी करे।
PBKS vs GT: मैच का विवरण
मैच: पंजाब किंग्स बनाम गुजरात टाइटन्स, मैच 04, IPL 2026
मैदान: महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़
दिनांक और समय: मंगलवार, 31 मार्च, शाम 7:30 बजे (IST)
PBKS vs GT: हेड-टू-हेड रिकॉर्ड (आमने-सामने)
कुल मैच : 6
PBKS ने जीते: 3
GT ने जीते: 3
कोई परिणाम नहीं: 0
पिच रिपोर्ट
महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम टी20 मैच के लिए मिली-जुली परिस्थितियां प्रदान करता है। पिछले साल यहाँ टीमों को आसानी से 200 रनों का आंकड़ा पार करते देखा गया था, तो वहीं कुछ मौकों पर टीमें 120 रन बनाने के लिए भी संघर्ष करती दिखीं। न्यू चंडीगढ़ के इस स्टेडियम की पिच से बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को मदद मिलने की उम्मीद है, जिसमें खेल के अंतिम चरणों में स्पिनरों की भूमिका अहम हो सकती है।
इस मैदान की आउटफील्ड आमतौर पर काफी तेज है, जो बल्लेबाजों को उनके सटीक टाइमिंग वाले शॉट्स के लिए अच्छा इनाम देती है।
PBKS vs GT: संभावित प्लेइंग XI
पंजाब किंग्स (PBKS):
प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह, कूपर कोनोली, श्रेयय अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन, हरप्रीत बरार, बेन ड्वार्शिस, अर्शदीप सिंह।
इम्पैक्ट प्लेयर: युजवेंद्र चहल
गुजरात टाइटन्स (GT):
शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर, वाशिंगटन सुंदर, शाहरुख खान, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कागिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
इम्पैक्ट प्लेयर: साई किशोर

