KKR की चाल से PCB हुआ बेहाल, जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग बने पाकिस्तान के लिए सिरदर्द
x

KKR की चाल से PCB हुआ बेहाल, जिम्बाब्वे के 'ब्लेसिंग' बने पाकिस्तान के लिए सिरदर्द

एक बार फिर से IPL की वजह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को बड़ा झटका लगा है। PSL के 11वें सीजन की शुरुआत 26 मार्च से होने जा रही है, लेकिन आगाज से पहले ही आईपीएल फ्रैंचाइज़ी केकेआर (KKR) ने पाकिस्तान का सिरदर्द बढ़ा दिया है।


IPL vs PSL: क्रिकेट की दुनिया में इस समय एक ही चर्चा है IPL बनाम PSL। पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के 11वें सीजन की शुरुआत 26 मार्च से होने जा रही है, लेकिन आगाज से पहले ही पाकिस्तान क्रिकेट को आईपीएल फ्रैंचाइज़ी केकेआर (KKR) ने तगड़ा झटका दिया है। जिम्बाब्वे के घातक तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने ऐन मौके पर पीएसएल का साथ छोड़कर भारत की इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलने का फैसला किया है। मुजरबानी के इस अचानक लिए गए फैसले ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को हिलाकर रख दिया है। खबरें हैं कि बोर्ड इस समय काफी गुस्से में है और इस तेज गेंदबाज पर कड़ा एक्शन लेने की तैयारी कर रहा है।

क्यों भड़का पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड?

दरअसल, मुजरबानी को PSL की टीम इस्लामाबाद यूनाइटेड ने वेस्टइंडीज के शमार जोसेफ की जगह अपने स्क्वॉड में शामिल किया था। मुजरबानी को तीन बार की चैंपियन टीम के लिए मुख्य गेंदबाज के तौर पर देखा जा रहा था। लेकिन तभी एंट्री हुई कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की।

KKR ने जनवरी में बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था और उन्हें एक अनुभवी तेज गेंदबाज की जरूरत थी। मुजरबानी ने हाल ही में T20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी गेंदबाजी से आग उगली थी। उन्होंने 6 मैचों में 13 विकेट झटके, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लिया गया 4 विकेट का हॉल भी शामिल है। उनके इसी शानदार फॉर्म को देखते हुए KKR ने उन्हें अपने पाले में कर लिया। मुजरबानी ने भी करोड़ों की लीग IPL को तवज्जो दी और PSL का कॉन्ट्रैक्ट बीच में ही छोड़ दिया।

क्या मुजरबानी पर लगेगा बैन?

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो PCB मुजरबानी के खिलाफ कानूनी कदम उठाने जा रहा है। बोर्ड का मानना है कि यह अनुबंध (Contract) का सीधा उल्लंघन है। दिलचस्प बात यह है कि यह लगातार दूसरा साल है जब किसी खिलाड़ी ने PSL को ठुकराकर IPL को चुना है।

पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के कोर्बिन बॉश ने भी ऐसा ही किया था। बॉश ने PSL छोड़कर मुंबई इंडियंस जॉइन कर ली थी, जिसके बाद PCB ने उन पर एक साल का बैन लगा दिया था। अब मुजरबानी पर भी इसी तरह के बैन की तलवार लटक रही है।

जिम्बाब्वे का उभरता हुआ सितारा मुजरबानी

ब्लेसिंग मुजरबानी सिर्फ एक साधारण गेंदबाज नहीं हैं, बल्कि वे जिम्बाब्वे के क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल टी20 गेंदबाजों में से एक बन चुके हैं। ब्लेसिंग मुजरबानी के टी20 करियर की बात करें तो उन्होंने 89 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 106 विकेट अपने नाम किए हैं। इस खिलाड़ी की 6 फुट 8 इंच की लंबाई उन्हें अतिरिक्त उछाल दिलाने में मदद करती है, जिससे वो बल्लेबाज़ों को छकाते हैं। आईपीएल में पिछले साल ब्लेसिंग मुजरबानी आरसीबी की टीम का हिस्सा थे, उन्हें रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया था, हालांकि उन्हें मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिला था। हालांकि इस बार को केकेआर के खेमे में नज़र आएंगे और अब देखना यह होगा कि क्या मुजरबानी KKR के लिए 'ब्लेसिंग' साबित हो पाएंगे या नहीं?

Read More
Next Story