
रोहित शर्मा का सबसे ज्यादा T20I खेलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटा, आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग ने रचा इतिहास
आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग T20I में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ इतिहास रचा। रोहित ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद इस फॉर्मेंट से संन्यास ले चुके हैं।
टी-20 क्रिकेट में अब तक जो रिकॉर्ड भारत के रोहित शर्मा के नाम था, अब वो टूट चुका है। आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने यूएई के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में उतरते ही नया इतिहास रच दिया। इस मैच के साथ ही वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए और भारत के रोहित शर्मा का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
यह पॉल स्टर्लिंग के करियर का 160वां T20I मैच था, जबकि 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके रोहित शर्मा ने अपने करियर में कुल 159 मैच खेले थे।
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में अब तक केवल तीन खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने 150 से ज्यादा मैच खेले हैं। खास बात यह है कि इनमें से दो खिलाड़ी आयरलैंड से हैं। पॉल स्टर्लिंग के अलावा आयरलैंड के ही जॉर्ज डॉकरेल इस सूची में शामिल हैं, जिन्होंने अब तक 153 T20I मुकाबले खेले हैं। इस सूची में अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी और इंग्लैंड के जोस बटलर भी टॉप-5 खिलाड़ियों में मौजूद हैं।
हालांकि व्यक्तिगत रूप से यह ऐतिहासिक मुकाबला पॉल स्टर्लिंग के लिए खास यादगार नहीं रहा। वह यूएई के खिलाफ सिर्फ 3 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हो गए, जिसमें उन्होंने 2 चौके लगाए। इसके बावजूद आयरलैंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 178 रन बनाए। टीम की ओर से कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं जड़ सका, लेकिन सामूहिक योगदान ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएई की टीम 19.5 ओवर में 121 रन पर सिमट गई और आयरलैंड ने यह मुकाबला 57 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया।

