ऐसा कोई बड़ा नहीं, जिसको जड़ा नहीं, क्या जानबूझकर दिग्गजों को निशाना बनाते हैं वैभव सूर्यवंशी?
x

ऐसा कोई बड़ा नहीं, जिसको जड़ा नहीं, क्या जानबूझकर दिग्गजों को निशाना बनाते हैं वैभव सूर्यवंशी?

आईपीएल 2026 में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने धमाल मचा दिया है। उन्होंने जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और जॉश हेजलवुड जैसे दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ पहली ही गेंद पर चौके- छक्के जड़ दिए हैं। ऐसे में क्या वैभव जानबूझकर दिग्गजों को निशाना बनाते हैं?


Record Master Vaibhav Suryavanshi: जसप्रीत बुमराह, जॉश हेजलवुड, ट्रेंट बोल्ट, भुवनेश्वर कुमार और मैट हेनरी ये वो नाम हैं जिनके नाम से दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाज़ खौफ खाते हैं। इन गेंदबाजों के सामने विराट कोहली, स्टीव स्मिथ और जो रूट जैसे दिग्गज भी बेबस नजर आते हैं। लेकिन क्रिकेट के इस नए दौर में 15 साल का एक लड़का आया है, जिसे न तो उम्र की परवाह है और न ही सामने खड़े गेंदबाज की प्रतिष्ठा की। हम बात कर रहे हैं राजस्थान रॉयल्स के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी की, जिन्होंने आईपीएल 2026 में वह कर दिखाया है जो शायद इतिहास में कभी नहीं हुआ।

पहली गेंद पर हमले की रणनीति

वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 15 साल की उम्र में आईपीएल के इस सीजन में बल्ले की ऐसी धमक दिखाई है, जिसकी मिसाल मिलना मुश्किल है। वैभव ने पिछले सीजन में 14 साल की उम्र में डेब्यू करते हुए पहली ही गेंद पर छक्का मारकर दुनिया को अपने इरादे बता दिए थे। लेकिन 2026 के इस सीजन में उन्होंने अपने खेल को एक अलग ही स्तर पर पहुँचा दिया है।

इस सीजन की सबसे खास और हैरान करने वाली बात यह है कि वैभव दुनिया के सबसे घातक गेंदबाजों की पहली ही गेंद पर प्रहार करते हैं। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के मैट हेनरी की पहली गेंद पर चौका जड़ा, गुजरात टाइटंस के मोहम्मद सिराज को पहली ही बॉल को बाउंड्री के बाहर भेजा, और मुंबई इंडियंस के सबसे खतरनाक गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को पहली ही गेंद पर स्टैंड्स में भेज दिया। लेकिन सबसे बड़ा धमाका तब हुआ जब उन्होंने दुनिया के नंबर-1 यॉर्कर किंग जसप्रीत बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का ठोककर सबको सन्न कर दिया। यही हाल उन्होंने आरसीबी के खिलाफ किया, जहाँ भुवनेश्वर कुमार और जॉश हेजलवुड को पहली गेंद पर चौके लगाकर उनका स्वागत किया।

इरफान पठान ने उठाया सवाल

ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज जॉश हेजलवुड के खिलाफ वैभव ने एक ही ओवर में तीन चौके और एक छक्का जड़कर टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान को सोचने पर मजबूर कर दिया। इरफान ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया, 'क्या वैभव सूर्यवंशी जानबूझकर बड़े गेंदबाजों को निशाना बनाते हैं? मैं ऐसा सोचना पसंद करूँगा।'

इरफान की इस बात में गहरा तर्क छिपा है। अक्सर शतरंज या युद्ध के मैदान की तरह, यदि आप विरोधी टीम के सबसे मजबूत सिपाही या 'सेनापति' को पहले ही ढेर कर देते हैं, तो पूरी टीम मानसिक रूप से दबाव में आ जाती है। वैभव शायद इसी रणनीति पर काम कर रहे हैं, जहाँ बड़े गेंदबाजों की धुनाई करके वो मैच का रुख अपनी टीम की ओर मोड़ देते हैं।

गेंदबाज नहीं, गेंद को खेलो

जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच के बाद वैभव से पूछा गया कि क्या वो जानबूझकर दिग्गजों को टारगेट करते हैं, तो उन्होंने बड़ी सादगी से जवाब दिया। वैभव ने कहा, 'मेरे दिमाग में यह जरूर रहता है कि सामने वाला गेंदबाज कौन है, लेकिन मैं उसकी प्रतिष्ठा के बजाय गेंद को देखकर बल्लेबाजी करता हूँ।' इसका मतलबा साफ है कि सूर्यवंशी गेंदबाज़ को नहीं गेंद को खेलते हैं। उनके लिए बुमराह की गेंद भी वैसी ही है जैसी किसी नए गेंदबाज की वह सिर्फ गेंद को उसके मेरिट पर खेलते हैं।

सिर्फ 26 गेंदों में ठोके 78 रन

सिर्फ 11 मैचों का अनुभव रखने वाले वैभव आईपीएल 2026 के आंकड़ों के बेताज बादशाह बन गए हैं। आरसीबी के खिलाफ उन्होंने मात्र 26 गेंदों में 78 रन बनाकर पूरी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। 300 के स्ट्राइक रेट से खेली गई इस पारी के बाद उनके इस सीजन के आंकड़े पर नज़र डालते हैं-

ऑरेंज कैप में सबसे आगे

IPL 2026 में सबसे ज़्यादा रन बनाने के मामले में वैभव सूर्यवंशी सबसे आगे हैं। उन्होंने 4 मैचों में 200 रन बनाकर बाकी सभी को पीछे छोड़ दिया है। ऑरेंज कैप की रेस में दूसरे नंबर पर वैभव के ओपनिंग पार्टनर यशस्वी जायसवाल हैं जिन्होंने 4 मैचों में 183 रन बनाए हैं।

सिक्सर किंग वैभव सूर्यवंशी

वैभव ने आईपीएल 2026 में अपनी क्लीन हिटिंग से खुद को नए सिक्सर किंग के तौर पर स्थापित कर लिया है। वैभव ने इस सीजन में अब तक सबसे ज्यादा 18 छक्के लगाए हैं, जो किसी भी बल्लेबाज की तुलना में काफी ज़्यादा हैं। उनकी सबसे बड़ी खूबी यह रही है कि उन्होंने हर मैच में कम से कम एक छक्का जरूर जड़ा है। मैदान का कोई भी कोना ऐसा नहीं है जहाँ इस 15 साल के युवा ने गेंद को स्टैंड्स में न पहुँचाया हो।

सबसे तेज़ फिफ्टी

15 साल के इस युवा स्टार ने अपनी टाइमिंग और ताकत से सबको हैरान कर दिया है। वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन में एक नहीं बल्कि दो बार सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ने का कमाल कर दिखाया है। यह आंकड़े साबित करते हैंकि वैभव किस तरह से अपने बल्ले का दम दिखाते हुए गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।

Read More
Next Story