SRH पस्त, पंजाब मस्त: अय्यर के चरदी कला का सोशल मीडिया पर तहलका
x
फोटो साभार: @ShreyasIyer15

SRH पस्त, पंजाब मस्त: अय्यर के 'चरदी कला' का सोशल मीडिया पर तहलका

हैदराबाद के खिलाफ पंजाब किंग्स की रिकॉर्ड जीत के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने पंजाबी अंदाज में बयां किया अपना जज्बा 'चरदी कला' बस दो शब्दों से लूट ली वाहवाही...


Click the Play button to hear this message in audio format

नई दिल्ली/मुल्लांपुर: आईपीएल 2026 के 17वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। मुल्लांपुर के महाराजा यदविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मैच में पंजाब ने हैदराबाद को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस शानदार फतह के बाद पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर का एक सोशल मीडिया पोस्ट इंटरनेट पर छा गया है, जिसमें उन्होंने महज दो शब्दों के जरिए अपनी टीम की खुशी और हौसले को दुनिया के सामने रखा है। अय्यर ने टीम की तस्वीरों के साथ कैप्शन में 'चरदी कला' लिखा है, जिसका अर्थ हमेशा ऊंचे उत्साह और जोश में रहना होता है।

इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब के सामने 220 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था, जिसे पंजाब के बल्लेबाजों ने बेहद आक्रामक अंदाज में खेलते हुए 18.5 ओवर में ही महज 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। आईपीएल के इतिहास में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ यह अब तक का सबसे बड़ा रन चेज है। दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले भी यह रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के ही नाम था, जब उन्होंने साल 2014 में हैदराबाद के खिलाफ 206 रनों का पीछा किया था। शनिवार को अपनी ही टीम का 12 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर पंजाब ने मुल्लांपुर के मैदान पर नया इतिहास लिख दिया।



पंजाब की इस जीत के असली सूत्रधार कप्तान श्रेयस अय्यर रहे, जिन्होंने मोर्चे से टीम का नेतृत्व किया। अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 33 गेंदों में नाबाद 69 रनों की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उनके अलावा युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने भी अपनी बल्लेबाजी से सनसनी मचा दी। प्रियांश ने महज 20 गेंदों में 285 के स्ट्राइक रेट के साथ 57 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि प्रभसिमरन सिंह ने 25 गेंदों में 51 रन बनाकर जीत की राह आसान कर दी।

यह आईपीएल इतिहास में पंजाब किंग्स का दूसरा सबसे बड़ा रन चेज भी है। आपको बता दें कि आईपीएल में सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा करने का रिकॉर्ड भी पंजाब के ही नाम दर्ज है, जब उन्होंने 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 262 रन बनाए थे। यह 10वीं बार है जब पंजाब किंग्स ने 200 से अधिक रनों का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया है। इस जीत के साथ ही पंजाब ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

Read More
Next Story