
RCB की डील ने बदली IPL टीमों की किस्मत, RPSG के शेयरों में आया 20% का उछाल
इस टीम को खरीदने की रेस में देश-दुनिया के कई दिग्गज शामिल थे। बिड़ला ग्रुप के कंसोर्टियम ने सीरम इंस्टीट्यूट के अदार पूनावाला और आर्सेलर मित्तल के आदित्य मित्तल के ग्रुप को पछाड़कर यह बाजी जीती।
IPL 2026: आईपीएल (IPL) की सबसे लोकप्रिय टीमों में से एक, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बिकने की खबर ने न केवल क्रिकेट जगत, बल्कि शेयर बाजार में भी हलचल मचा दी है। आदित्य बिड़ला ग्रुप और टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने RCB को 16,606 करोड़ रुपये ($1.8 बिलियन) में खरीद लिया है। इस डील के सामने आते ही खेल जगत की संपत्तियों की वैल्यू रातों-रात बदल गई है।
RPSG और Sun TV के शेयरों में तेजी
जैसे ही यूनाइटेड स्पिरिट्स (USL) ने इस भारी-भरकम सौदे का ऐलान किया, शेयर बाजार में आईपीएल टीमों के मालिकों की कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त खरीदारी देखी गई। लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) की मालिक कंपनी RPSG Ventures के शेयर बुधवार को बीएसई (BSE) पर 20% के ऊपरी सर्किट के साथ 721 रुपये पर पहुंच गए। इसी तरह, सनराइजर्स हैदराबाद की मालिक कंपनी Sun TV के शेयरों में भी तेजी देखी गई। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इस डील ने आईपीएल की अन्य टीमों के लिए एक नया 'बेंचमार्क' सेट कर दिया है। यानी अब दूसरी टीमों की कीमत भी इसी अनुपात में बढ़ जाएगी।
2008 से अब तक 25 गुना बढ़ी कीमत
नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज के अनुसार, $1.8 बिलियन की यह डील आईपीएल के इतिहास में मील का पत्थर है। यह गुजरात टाइटन्स की $900 मिलियन की वैल्यूएशन से लगभग दोगुनी और राजस्थान रॉयल्स की $1.6 बिलियन की वैल्यूएशन से भी अधिक है। 2008 में जब आईपीएल शुरू हुआ था, तब से अब तक टीमों की वैल्यूएशन में 25 गुना की बढ़त हुई है।आरपीएसजी वेंचर्स (RPSG Ventures) विशेष रूप से चर्चा में है क्योंकि लखनऊ सुपरजायंट्स में उसकी 51% हिस्सेदारी की वैल्यू कंपनी के खुद के मार्केट कैप से 250% अधिक आंकी जा रही है।
किसे कितना फायदा और कौन था रेस में?
यूनाइटेड स्पिरिट्स (डियाजियो की सहायक कंपनी) के लिए यह डील जैकपॉट साबित हुई है। 2008 में लगाई गई मूल बोली के मुकाबले कंपनी को लगभग 16 गुना ज्यादा रिटर्न मिला है। इस टीम को खरीदने की रेस में देश-दुनिया के कई दिग्गज शामिल थे। बिड़ला ग्रुप के कंसोर्टियम ने सीरम इंस्टीट्यूट के अदार पूनावाला और आर्सेलर मित्तल के आदित्य मित्तल के ग्रुप को पछाड़कर यह बाज़ी जीती। अन्य दावेदारों में प्रेमजी इन्वेस्ट, केकेआर (KKR) और मनिपाल ग्रुप के रंजन पई भी शामिल थे।
शानदार कमाई कर रही है RCB
सिर्फ ब्रांड वैल्यू ही नहीं, वित्तीय रूप से भी RCB एक मुनाफे वाली टीम है। वित्त वर्ष 2024-25 में टीम का राजस्व (Revenue) 504 करोड़ रुपये था। वहीं, वित्त वर्ष 2025-26 की पहली छमाही में ही टीम ने 478 करोड़ रुपये का राजस्व और 225 करोड़ रुपये का कामकाजी मुनाफा (EBITDA) कमा लिया है, जो पिछले पूरे साल के मुनाफे से भी ज्यादा है।
इस डील को अभी बीसीसीआई (BCCI) और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल से अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है। नियम के मुताबिक, इस पूरी डील की वैल्यू का 5% हिस्सा ट्रांसफर फीस के रूप में बीसीसीआई को मिलेगा।

