ऐसा थ्रिलर कि दर्शकों का कलेजा मुंह को आ गया, अफगानिस्तान को डबल सुपर ओवर में हरा पाया साउथ अफ्रीका
x
अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने बुधवार को अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए टी20 विश्व कप क्रिकेट मैच में दूसरे सुपर ओवर में 3 गेंदों में 3 छक्के जड़ दिए लेकिन उनके विकेट गंवाने के साथ ही अफगानिस्तान मैच हार गया

ऐसा थ्रिलर कि दर्शकों का कलेजा मुंह को आ गया, अफगानिस्तान को डबल सुपर ओवर में हरा पाया साउथ अफ्रीका

क्रिकेट का इतना रोमांचक मुकाबला शायद दर्शकों ने अरसे बाद देखा होगा। टी-20 वर्ल्ड कप के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच फैसला डबल सुपर ओवर में हो पाया।


SA vs AFG के बीच ये ऐसा मुकाबला हुआ जिसने देखने वालों की सांसें अटका दी थी। 20-20 ओवर का खेल हो जाने के बाद भी मुकाबला टाई रहा। सुपर ओवर में भी मुकाबला टाई पर छूटा तो दूसरा सुपर ओवर कराने की नौबत आई। फिर जो हुआ, उसमें क्रिकेट के रोमांच की इंतेहा देखने को मिली। मैच का रिजल्ट डबल सुपर ओवर में निकला।

दक्षिण अफ्रीका ने बुधवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान को हरा तो दिया, लेकिन उससे पहले दोनों तरफ से जो क्रिकेट खेली गई, उसने इस मुकाबले का इस वर्ल्ड कप का अब तक का सबसे रोमांचक मुकाबला बना दिया। हुआ ये कि रयान रिकेल्टन (61) और क्विंटन डिकॉक (59) की हाफ सेंचुरी के दम पर साउथ अफ्रीका ने 187/6 का स्कोर बनाया। जवाब में अफगानिस्तान ने 19.4 ओवर में 187 रन बना लिए थे लेकिन उसकी टीम आउट हो गई। मैच टाई हो गया। ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज ने अफगानिस्तान के लिए 42 गेंदों में 84 रनों की तूफानी पारी खेली।

वो आखिरी ओवर का रोमांच

अफगानिस्तान वैसे जीत के करीब पहुंच गया था, लेकिन मुकाबला टाई हो गया। और वो इसलिए हुआ क्योंकि अफगानिस्तान को कगिसो रबाडा द्वारा डाले गए 20वें ओवर में 13 रनों की जरूरत थी और एक विकेट बाकी था। रबाडा ने नो बॉल से ओवर की शुरुआत की। नूर अहमद कवर पर कैच हो गए थे लेकिन बच गए। तेज गेंदबाज रबाडा ने अगली गेंद वाइड डाली। उन्होंने फिर लीगल डिलीवरी की, जिसपर नूर कोई रन नहीं बना सके। नूर ने दूसरी गेंद पर छक्का ठोका। तीसरी गेंद डॉट रही। रबाडा ने अगली गेंद पर नूर को फिर कैच कराया लेकिन अंपायर ने नो बॉल करार दिया। ऐसे में नूर ने दौड़कर दो रन कंप्लीट कर लिए। अफगानिस्तान को महज एक रन की दरकार थी मगर फजलहक फारूकी चौथी गेंद पर रनआउट हो गए। उनका खाता नहीं खुला। मैच टाई हो गया और सुपर ओवर में पहुंच गया।

पहले सुपर ओवर में क्या हुआ

सुपर ओवर खेलने पहले अफगानिस्तान उतरा। उसने पहले सुपर ओवर में 17 रन जुटाए। साउथ अफ्रीका की ओर से बैटिंग करने डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस उतरे। ब्रेविस तीसरी गेंद पर पवेलियन लौट गए। फिर अफ्रीका ने किसी तरह पहले सुपर ओवर का मुकाबला टाई करने में कामयाबी हासिल की। अब बारी आ गई दूसरे सुपर ओवर की।

दूसरे सुपर ओवर में हुआ फैसला

दूसरे सुपर ओवर में बैटिंग की शुरुआत साउथ अफ्रीका ने की। उन्होंने इस दूसरे सुपर ओवर में 23 रन बटोर लिए। अफगानसिस्तान के लिए ये टफ चैलेंज था कि एक ओवर में 24 रन बनाकर जीत हासिल करनी थी। दूसरे सुपर ओवर में अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद नबी और गुरबाज बैटिंग करने उतरे। साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने इस बार स्पिनर केशव महाराज को गेंद थमाकर सभी को चौंका दिया। महाराज की पहली गेंद डॉट रही और अगली पर नबी को अपने जाल में फंसाया। अफगानिस्तान का स्कोर हुआ दो गेंदों पर शून्य रन और एक विकेट। इसके बाद गुरबाज ने तीसरी, चौथी और पांचवी गेंद पर छक्का लगाकर साउथ अफ्रीकी खेमे में खलबली मचा दी। स्कोर हो गया 4 गेंदों 18 रन। अब बाकी बची एक गेंद में अफगानिस्तान को जीतने के लिए 6 रन चाहिए थे।

केशव महाराज ने आखिरी गेंद वाइड डाल दी। इस तरह अफगानिस्तान को अंतिम गेंद पर जीत के लिए पांच रन चाहिए थे। लेकिन केशव महाराज की आखिरी गेंद पर गुरबाज को मिलर ने लपक लिया और इस तरह दक्षिण अफ्रीका ने ये बेहद रोमांचक मुकाबला 4 रन से जीत लिया।

Read More
Next Story