
Pakistan की हार पर भड़के शोएब अख्तर, PCB और सीनियर खिलाड़ियो को जमकर लगाई लताड़
भारत से टी20 वर्ल्ड कप में 61 रन की हार के बाद पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने PCB की कड़ी आलोचना की। उन्होंने पाकिस्तानी टीम के कुछ खिलाड़ियों को भी आड़े हाथों लिया है।
Shoaib Akhtar Angry On IND vs PAK: टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के हाथों मिली 61 रनों की हार का पाकिस्तान पर गहरा असर पड़ा है। इस करारी हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी शोएब अख्तर ने अपनी टीम के सीनियर खिलाड़ियों पर जमकर भड़ास निकाली। इसके अलावा शोएब अख्तर ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को भी आड़े हाथों लिया है। अख्तर सीधे नाम लिए बिना PCB अध्यक्ष मोहसिन नक़वी पर भी तंज कसा। भारत-पाकिस्तान का ये मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया था, जहां एकतरफा मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को मात दी। ये टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में 9 में से 8वां मौका रहा जब भारत ने पाकिस्तान को पस्त किया है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने मौजूदा वर्ल्ड कप के सुपर-8 स्टेज में भी एंट्री कर ली है।
अख्तर ने सीनियर खिलाड़ियों को लगाई लताड़
शोएब अख्तर ने पाकिस्तान की टीम के सीनियर खिलाड़ियों की जमकर आलोचना की। पूर्व तेज़ गेंदबाज़ ने सीनियर खिलाड़ियों को लगातार समर्थन दिए जाने पर सवाल उठाए। अख्तर ने कहा कि, 'बाबर आज़म, शाहीन अफरीदी और शादाब खान जैसे सीनियर खिलाड़ी भारत के खिलाफ सबसे खराब प्रदर्शन करने वालों में शामिल थे। इससे यह सवाल खड़े हो रहे हैं कि लगातार अहम मैचों में नाकाम रहने के बावजूद उन्हें बिना शर्त समर्थन क्यों मिलता रहता है।'
अख्तर ने नक़वी की काबिलियत पर उठाए सवाल
अख्तर ने मोहसिन नक़वी की खुलकर आलोचना की और पूछा कि क्या वे पाकिस्तान क्रिकेट को सही तरीके से चला सकते हैं। अख्तर ने कहा, 'अब एक आदमी को तो यह भी नहीं पता कि वह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का चेयरमैन है। ऐसे में टीम कैसे चलेगी? आप एक खिलाड़ी को सुपरस्टार बना देते हैं, लेकिन वह एक भी मैच नहीं जिता पाता। आपने उसे स्टार बना दिया, जबकि वह एक भी सही मायने में मैच नहीं जिता सकता।'
अयोग्यता के नतीजे
पूर्व तेज गेंदबाज़ ने चेतावनी दी कि अगर बिना योग्यता वाले लोगों को बड़े पदों पर बैठाया जाएगा, तो उसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि बोर्डरूम की राजनीति और गलत फैसलों का असर दूर तक जाता है। अख्तर ने कहा, 'जब आप किसी अयोग्य और अनजान व्यक्ति को बड़ी जिम्मेदारी देते हैं, तो वह देश को नुकसान पहुंचा सकता है। वह किसी भी संगठन को नीचे गिरा सकता है। उदाहरण आपके सामने है, आप समझदार हैं, समझ सकते हैं।'
भारत के खिलाफ पाकिस्तान की लगातार हार अब बड़ी चिंता का विषय बन गई है। फैंस और विशेषज्ञ दोनों ही बोर्ड और खिलाड़ियों से जवाबदेही की मांग कर रहे हैं, क्योंकि टीम दबाव वाले बड़े मैचों में लगातार खराब प्रदर्शन कर रही है।

