
SRH SWOT Analysis: ऑरेंज आर्मी' में पावर-हिटर्स की भरमार, ये कमज़ोरी करवा सकती है बंटाधार
IPL 2026 के लिए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने एक बेहद आक्रामक बल्लेबाजी क्रम तैयार किया है, जिसमें हेड, अभिषेक, ईशान और क्लासेन जैसे सितारे शामिल हैं। लियाम लिविंगस्टोन के आने से टीम की ताकत दोगुनी हो गई है।
SRH SWOT Analysis 2026: आईपीएल 2026 का आगाज़ होने वाला है और क्रिकेट गलियारों में एक ही चर्चा है क्या सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) अपनी 'आक्रामक' बल्लेबाजी के दम पर इस बार इतिहास रचेगी? पैट कमिंस की कप्तानी वाली यह टीम एक ऐसे मोड़ पर खड़ी है, जहाँ उसकी सबसे बड़ी ताकत ही उसकी कमजोरी भी बन सकती है। 2025 के सीजन में हमने देखा कि टीम ने शुरुआत तो धमाकेदार की, लेकिन निरंतरता की कमी के कारण वे छठे स्थान पर सिमट गए। अब 2026 में टीम नई ऊर्जा और लियाम लिविंगस्टोन जैसे नए दिग्गजों के साथ मैदान में उतरने को तैयार है।
SRH की ताकत: विस्फोटक बल्लेबाजी का पावरहाउस
सनराइजर्स की सबसे बड़ी ताकत उनका टॉप ऑर्डर है, जो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाने का दम रखता है। ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी पावरप्ले में ही मैच का रुख बदलने के लिए जानी जाती है। ईशान किशन की एंट्री ने मध्यक्रम को और मजबूती दी है। हेनरिक क्लासेन और लियाम लिविंगस्टोन जैसे फिनिशर्स की मौजूदगी टीम को डेथ ओवर्स में खतरनाक बनाती है। इसके अलावा, हर्ष दुबे जैसे लेफ्ट-आर्म स्पिनऑलराउंडर के आने से टीम का संतुलन पहले से बेहतर हुआ है।
संतुलन ही सफलता की कुंजी
SRH के पास इस बार नितीश कुमार रेड्डी जैसे खिलाड़ी हैं जो मध्यक्रम को स्थिरता दे सकते हैं। अगर टीम केवल 'अंधाधुंध हिटिंग' के बजाय मैच को कंट्रोल करना सीख जाए, तो वे अजेय बन सकते हैं। हर्ष दुबे के रूप में उनके पास एक ऐसा खिलाड़ी है जो बॉलिंग, बैटिंग और फील्डिंग तीनों विभागों में योगदान दे सकता है। यह सीजन युवाओं के लिए खुद को साबित करने का सबसे बड़ा मंच है।
क्या गेंदबाजी फिर बनेगी सिरदर्द?
बल्लेबाजी में जहाँ SRH शेर नज़र आती है, वहीं गेंदबाजी में कुछ ढेर होने वाले लक्षण दिखते हैं। पैट कमिंस और हर्षल पटेल अनुभवी तो हैं, लेकिन एक 'एक्स-फैक्टर' वाले स्ट्राइक गेंदबाज की कमी खलती है। स्पिन विभाग पूरी तरह से जीशान अंसारी और हर्ष दुबे के कंधों पर है, जो अभी पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साबित नहीं हुए हैं। अगर लंबे टूर्नामेंट में मुख्य गेंदबाज पिटते हैं, तो बैकअप विकल्पों की कमी टीम को भारी पड़ सकती है।
SRH के लिए सबसे बड़ा खतरा
हैदराबाद के साथ सबसे बड़ा खतरा उनकी 'अति-आक्रामक' सोच है। अगर टॉप ऑर्डर के 2-3 बल्लेबाज जल्दी आउट हो जाते हैं, तो पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह ढह सकती है। इसके अलावा, विदेशी खिलाड़ियों के चयन का पेच (हेड, क्लासेन, कमिंस और लिविंगस्टोन) भारतीय गेंदबाजों पर अतिरिक्त दबाव डालेगा। यदि गेंदबाजी में सुधार नहीं हुआ, तो टीम एक बार फिर प्लेऑफ की रेस से बाहर होकर बीच की पायदानों पर सिमट सकती है।
पैट कमिंस के शुरुआती मैचों में न होने से अब हैदराबाद की गेंदबाजी का पूरा जिम्मा ईशान मलिंगा, हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट जैसे गेंदबाजों पर आ गया है। इन खिलाड़ियों के पास अनुभव तो बहुत है, लेकिन उनकी सबसे बड़ी समस्या रही है निरंतरता। मतलब साफ है वे हर मैच में एक जैसा अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते। साथ ही, ये गेंदबाज पिछले कुछ समय से इंटरनेशनल क्रिकेट में भी बहुत ज्यादा एक्टिव नहीं रहे हैं, जिसका असर उनकी लय पर पड़ सकता है।
साल 2022 से अब तक के आंकड़े देखें तो सनराइजर्स हैदराबाद ने 19 बार विपक्षी टीम को 200 से ज्यादा रन बनाने दिए हैं। यह आंकड़ा साफ बताता है कि टीम के पास रनों की रफ्तार रोकने वाला कोई स्ट्राइक गेंदबाज नहीं है। कमिंस के बिना यह समस्या और भी घातक हो सकती है। ऐसे में, शुरुआती मैचों के लिए ईशान किशन को कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है। टीम की कोशिश यही होगी कि कमिंस के लौटने तक वे जीत का सिलसिला बनाए रखें और टूर्नामेंट में पिछड़ न जाएं।
IPL 2026 में SRH एक 'जायंट' टीम है, लेकिन खिताब तक पहुँचने के लिए उन्हें अपनी गेंदबाजी की धार तेज करनी होगी। अगर उनके स्पिनर्स ने बीच के ओवरों में विकेट निकाले, तो 'ऑरेंज आर्मी' को ट्रॉफी उठाने से रोकना नामुमकिन होगा।
IPL 2026 के लिए SRH की टीम
पैट कमिंस, ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, हेनरिख क्लासन, ईशान किशन, नीतीश कुमार रेड्डी, रविचंद्रन स्मरण, कामिंडु मेंडिस, हर्ष दुबे, ब्रायडन कार्स, ईशान मलिंगा, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी, शिवांग कुमार, सलिल अरोड़ा, प्रफुल्ल हिंजे, क्रेंस फुलेतरा, अमित कुमार, ओंकार तरमाले, साकिब हुसैन, शिवम मावी, जैक एडवर्ड्स, लियम लिविंगस्टन और अनिकेत वर्मा।
IPL 2026 के लिए SRH की संभावित प्लेइंग 11
ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, लियाम लिविंगस्टोन, नितीश रेड्डी, हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, ब्रायडन कार्स, हर्षल पटेल, जीशान अंसारी और शिवम मावी।

