
T-20 World Cup: सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो जाएगी Team India? जानिए पूरा गणित
पहले दक्षिण अफ्रीका के हाथों 76 रनों की शर्मनाक हार और अब वेस्टइंडीज की जिम्बाब्वे पर 107 रनों की विशाल जीत। इन दो नतीजों ने भारत के लिए खतरे की घंटी बजा दी है।
Team India Semi Final Equation: टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 राउंड ने भारतीय क्रिकेट फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं। जैसे-जैसे मुकाबले आगे बढ़ रहे हैं, सूर्यकुमार यादव एंड कंपनी के लिए सेमीफाइनल की राह किसी कठिन डगर जैसी होती जा रही है। पहले दक्षिण अफ्रीका के हाथों 76 रनों की शर्मनाक हार और अब वेस्टइंडीज की जिम्बाब्वे पर 107 रनों की विशाल जीत। इन दो नतीजों ने भारत के लिए खतरे की घंटी बजा दी है।
विंडीज की इस प्रचंड जीत ने न सिर्फ उन्हें प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंचा दिया है, बल्कि भारत के नेट रन रेट (NRR) को आईसीयू में डाल दिया है। आइए समझते हैं कि आखिर भारतीय टीम अब किन समीकरणों के सहारे सेमीफाइनल का टिकट कटा सकती है।
प्वॉइंट्स टेबल का खौफनाक मंजर
फिलहाल ग्रुप-1 की स्थिति देखें तो वेस्टइंडीज +5.350 के अविश्वसनीय नेट रन रेट के साथ टॉप पर है। वहीं द. अफ्रीका +3.800 के साथ दूसरे नंबर पर है। भारत -3.800 के साथ तीसरे स्थान पर है। भारत के पास अब केवल दो मैच बचे हैं। अब भारतीय टीम को 26 फरवरी को जिम्बाब्वे और 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने मुकाबले खेलने हैं। अब सिर्फ जीतना काफी नहीं है, बल्कि 'कैसे जीतना है' यह ज्यादा मायने रखेगा।
समीकरण 1: सबसे आसान रास्ता (द. अफ्रीका की मदद)
भारत के लिए सबसे सीधा रास्ता यह है कि वह अपने अगले दोनों मैच (जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज) जीत ले। इसके साथ ही उसे दुआ करनी होगी कि दक्षिण अफ्रीका भी अपने अगले दोनों मुकाबले जीत जाए। अगर ऐसा होता है, तो दक्षिण अफ्रीका 6 अंकों के साथ टॉप करेगी और भारत 4 अंकों के साथ नंबर-2 बनकर सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। इस स्थिति में वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे अधिकतम 2-2 अंकों तक ही सीमित रह जाएंगे और रन रेट का झंझट खत्म हो जाएगा।
समीकरण 2: अगर विंडीज ने अफ्रीका को हराया (फँस जाएगा पेच)
असली सिरदर्द तब शुरू होगा जब वेस्टइंडीज की टीम दक्षिण अफ्रीका को हरा दे। ऐसी स्थिति में भारत को हर हाल में अपने दोनों मैच जीतने होंगे। साथ ही उम्मीद करनी होगी कि जिम्बाब्वे भी दक्षिण अफ्रीका को हरा दे। तब अफ्रीका सिर्फ 2 अंकों पर रह जाएगी और भारत-विंडीज क्वालिफाई कर जाएंगे। लेकिन, अगर विंडीज अफ्रीका को हराती है और अफ्रीका जिम्बाब्वे को हरा देती है, और भारत भी अपने दोनों मैच जीतता है, तो भारत, अफ्रीका और विंडीज तीनों के 4-4 अंक हो जाएंगे। यहाँ फैसला नेट रन रेट से होगा। भारत को विंडीज और जिम्बाब्वे को कम से कम 60-70 रनों के अंतर से हराना होगा ताकि उनका रन रेट प्लस में आ सके।
समीकरण 3: 'करो या मरो' और नेट रन रेट का खेल
यदि भारत केवल एक मैच जीत पाता है, तो उम्मीदें लगभग खत्म हो जाएंगी। अगर भारत सिर्फ विंडीज को हराता है और जिम्बाब्वे से हार जाता है, तो वह रेस से बाहर हो जाएगा। सेमीफाइनल की धुंधली उम्मीद तभी बचेगी जब भारत वेस्टइंडीज को 80+ रनों के विशाल अंतर से हराए और बाकी टीमों के नतीजे भी भारत के पक्ष में रहें।
किस्मत भरोसे टीम इंडिया!
वेस्टइंडीज की टीम 2 बार की वर्ल्ड चैंपियन है और अपने घर जैसी परिस्थितियों में खेल रही है। भारत के लिए अब हर गेंद एक जंग है। सूर्या की सेना को न केवल मैदान पर पसीना बहाना होगा, बल्कि कैलकुलेटर लेकर रन रेट सुधारने पर भी ध्यान देना होगा। क्या टीम इंडिया इस मुश्किल चक्रव्यूह को भेद पाएगी? यह आने वाले कुछ दिन तय करेंगे।

