
T20WorldCup : हैंडशेक' का सस्पेंस खत्म, पाकिस्तान के कप्तान से हाथ नहीं मिलाएंगे सूर्य कुमार यादव
सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि भारतीय टीम पाकिस्तान से हाथ मिलाने की परंपरा को लेकर यथास्थिति बनाए रखेगी
भारतीय कप्तान सूर्य कुमार यादव ने पिछले साल एशिया कप के तीनों मैचों में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद अपने पाकिस्तानी टीम के कप्तान से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था और रविवार को भी वे अपने उसी रुख पर कायम रहेंगे। मतलब सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाएंगे।
मैच से एक दिन पहले जब भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव से पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने को लेकर सवाल पूछा गया था, तो उन्होंने रहस्य बरकरार रखते हुए कहा था, “24 घंटे में देख लीजिए।”
लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स से अब ये खबरें आ रही हैं कि आज कोलंबो में खेले जाने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप मैच में भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाएगी। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि कि टीम हाथ मिलाने की परंपरा को लेकर यथास्थिति बनाए रखेगी और कप्तान सूर्यकुमार यादव टॉस के समय पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा से औपचारिक रूप से हाथ मिलाने के लिए हाथ आगे बढ़ाने की संभावना नहीं है।
पिछले साल एशिया कप के दौरान भी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत ने पाकिस्तान से हाथ नहीं मिलाया था, क्योंकि दोनों पड़ोसी देशों के बीच पिछले मई में हुई तनातनी के बाद से रिश्तों में सुधार नहीं हुआ है। क्रिकेट के मैदान पर यह तनाव और बढ़ गया है।
पाकिस्तान ने पहले बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर किए जाने के विरोध में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने की घोषणा की थी, लेकिन पिछले सप्ताह वह अपने इस फैसले से पीछे हट गया।
पिछले एशिया कप के दौरान ‘नो हैंडशेक’ का मुद्दा बड़ा चर्चा का विषय बन गया था और जब भी दोनों टीमें आमने-सामने होती हैं, यह मुद्दा चर्चा में रहता है। भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को हराने के बाद एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान सरकार के गृह मंत्री मोहसिन नकवी से एशिया कप ट्रॉफी भी स्वीकार नहीं की थी। नकवी ट्रॉफी अपने साथ ले गए थे और भारतीय टीम अब भी उस ट्रॉफी का इंतजार कर रही है।
जब शनिवार को सूर्यकुमार यादव से हाथ मिलाने को लेकर पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “24 घंटे में देख लीजिए।” उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “24 घंटे इंतजार कीजिए। अच्छा खाइए, अच्छी नींद लीजिए, कल देखेंगे।”
वहीं पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने भी इसी तरह का जवाब दिया था। जब उनसे पूछा गया कि यदि भारत हाथ बढ़ाए तो क्या वे हाथ मिलाएंगे, तो उन्होंने कहा, “कल देखेंगे।”
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले पिछले महीने पर्दे के पीछे काफी घटनाक्रम हुए हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किए जाने के बाद वर्ल्ड कप से हटने की धमकी दी थी। उनका आरोप था कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड छोटे देशों की टीमों पर दबाव बना रहा है। चूंकि स्थिति अब भी पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है, इसलिए भारतीय टीम अपने पुराने रुख पर कायम रहेगी।
इस बीच, पूर्व भारतीय बल्लेबाज और अब कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने ‘हाथ न मिलाने’ को भारत द्वारा शुरू की गई एक ‘बेतुकी’ चीज बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “यह ‘हाथ न मिलाना’ बहुत ही बेवकूफी भरी चीज है, जिसकी शुरुआत भारत ने की है। यह हमारे जैसे देश को शोभा नहीं देता। या तो खेल की भावना के साथ ठीक से खेलो या बिल्कुल मत खेलो।”

