
T 20 World Cup: अगर सेमीफाइनल में पहुंची Team India, तो किससे होगी टक्कर? हो गया फाइनल
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के रोमांचक सफर में अब सेमीफाइनल की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होने लगी है। ग्रुप-1 से द. अफ्रीका तो ग्रुप-2 से इंग्लैंड ने अपनी जगह सुरक्षित कर ली है। लेकिन अब भी कुछ टीमों की सांसे अटकी हुई है।
T20 World Cup 2026 Semi-Finals: टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने उस रोमांचक मोड़ पर पहुँच चुका है जहाँ हर गेंद और हर रन मायने रखता है। सुपर-8 का स्टेज खत्म होने को है और सेमीफाइनल की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होती जा रही है। ग्रुप-1 से साउथ अफ्रीका ने अपनी बादशाहत कायम करते हुए सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इस ग्रुप से दूसरी टीम कौन सी होगी?
IND vs WI: जो जीता वही सिकंदर
1 मार्च को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर एक ऐसा मुकाबला होने जा रहा है, जिसे आप अघोषित क्वार्टर फाइनल कह सकते हैं। ग्रुप-1 से दूसरे सेमीफाइनल स्पॉट के लिए भारत और वेस्टइंडीज की टीमें आमने-सामने होंगी और इस मुकाबले को जीतने वाली टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाएगी और हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।
क्या है सेमीफाइनल का समीकरण?
भारत और वेस्टइंडीज़ दोनों टीमों के लिए समीकरण बहुत ही सीधा और रोमांचक है। प्वॉइँट्स टेबल में भारत और वेस्टइंडीज़ दोनों के 2 मैचों में 2-2 अंक हैं। भारतीय टीम के लिए यह 'करो या मरो' की स्थिति है। अगर भारत किसी भी अंतर से वेस्टइंडीज को हरा देता है, तो उसके 4 अंक हो जाएंगे और वह सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश कर जाएगा। वहीं, अगर वेस्टइंडीज जीतता है, तो टीम इंडिया का वर्ल्ड कप जीतने का सपना यहीं टूट जाएगा। ईडन गार्डन्स की पिच और वहां का माहौल हमेशा से हाई-वोल्टेज मैचों के लिए जाना जाता है, ऐसे में खिलाड़ियों पर दबाव बहुत ज्यादा होगा।
सेमीफाइनल में किससे होगा मुकाबला?
क्रिकेट प्रेमी अब गणित लगा रहे हैं कि अगर भारत सेमीफाइनल में पहुँचता है, तो उसका सामना किससे होगा? आईसीसी के नियमों के अनुसार, ग्रुप-1 की दूसरे नंबर की टीम का मुकाबला ग्रुप-2 की टॉप टीम से होगा। ग्रुप-2 में इंग्लैंड ने अब तक तहलका मचा रखा है। उन्होंने अपने तीनों मैच जीतकर टेबल में टॉप पोजीशन हासिल कर ली है। इसका मतलब यह है कि अगर टीम इंडिया वेस्टइंडीज को हराकर ग्रुप-1 में दूसरे स्थान पर रहती है, तो सेमीफाइनल में उसका सामना इंग्लैंड से होगा।
वानखेड़े में बदला लेने का मौका
यह महा-मुकाबला 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल की बात होते ही 2022 वर्ल्ड कप की यादें ताजा हो जाती हैं। उस समय इंग्लैंड ने भारत को सेमीफाइनल में हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था। अगर इस बार मुंबई के घरेलू मैदान पर ये दोनों टीमें टकराती हैं, तो सूर्यकुमार यादव एंड कंपनी के पास उस हार का हिसाब चुकता करने का सुनहरा मौका होगा। वानखेड़े की लाल मिट्टी वाली पिच पर स्पिनर्स और तेज गेंदबाज दोनों की भूमिका अहम होगी, और भारतीय दर्शकों का शोर टीम इंडिया के लिए '12वें खिलाड़ी' का काम करेगा।

