T 20 World Cup Semis Equation: इंग्लैंड से हार के बाद कैसे क्वालिफाई करेगा पाकिस्तान? समझें पूरा गणित
x

T 20 World Cup Semis Equation: इंग्लैंड से हार के बाद कैसे क्वालिफाई करेगा पाकिस्तान? समझें पूरा गणित

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में इंग्लैंड से मिली हार के बाद पाकिस्तान की सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है। फिलहाल पाकिस्तान की स्थिति काफी कमज़ोर नज़र आ रही है।


Pakistan Semi Final Equation In T-20 World Cup: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान का सुपर-8 अभियान अब पूरी तरह से 'करो या मरो' की स्थिति में पहुँच चुका है। इंग्लैंड से हारने के बाद अब पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल की राह काफी मुश्किल हो गई है। ग्रुप-2 में इंग्लैंड 4 अंकों के साथ सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुका है, लेकिन पाकिस्तान के लिए अब एक-एक कदम फूंक-फूंक कर रखने की बारी है। तो ऐसे में इंग्लैंड से मिली हार के बावजूद भी कैसे पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल में पहुंच सकती है, चलिए समझते हैं?

प्वॉइंट्स टेबल का पेच

पाकिस्तान की स्थिति इसलिए खराब है क्योंकि उनके पास 2 मैचों के बाद केवल 1 अंक है। उनका पहला मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ बारिश की भेंट चढ़ गया था, जिससे उन्हें सिर्फ 1 अंक मिला। अब पाकिस्तान के पास केवल एक मैच बचा है, जो 28 फरवरी को पल्लेकेले में श्रीलंका के खिलाफ खेला जाना है। पाकिस्तान के लिए यह मैच जीतना अनिवार्य है, लेकिन सिर्फ जीत ही उन्हें सेमीफाइनल नहीं ले जाएगी। उन्हें दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।

सेमीफाइनल का पहला समीकरण: न्यूज़ीलैंड की हार में ही पाक की जीत

पाकिस्तान के लिए सबसे साफ और आसान रास्ता यह है कि न्यूज़ीलैंड अपने बचे हुए दोनों मैच हार जाए। पहले 25 फरवरी को श्रीलंका न्यूज़ीलैंड को हरा दे। फिर 27 फरवरी को इंग्लैंड भी न्यूज़ीलैंड को पटखनी दे दे। अगर ऐसा होता है, तो न्यूज़ीलैंड 1 अंक पर सिमट जाएगा। ऐसी स्थिति में पाकिस्तान अगर श्रीलंका को हरा देता है, तो उसके 3 अंक हो जाएंगे और वह इंग्लैंड के बाद ग्रुप-2 से सेमीफाइनल में पहुँचने वाली दूसरी टीम बन जाएगी।

दूसरा समीकरण: नेट रन रेट (NRR) की जंग

अगर न्यूज़ीलैंड अपने दो में से एक मैच जीत लेता है और एक हार जाता है, तो न्यूज़ीलैंड के पास भी 3 अंक होंगे। यहाँ पेंच फँसेगा। अगर पाकिस्तान भी श्रीलंका को हरा देता है, तो पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड दोनों 3-3 अंकों पर बराबरी पर होंगे। ऐसी स्थिति में फैसला नेट रन रेट (NRR) से होगा। फिलहाल पाकिस्तान का नेट रन रेट चिंता का विषय है। अगर पाकिस्तान को सेमीफाइनल में जाना है, तो उसे श्रीलंका को बहुत बड़े अंतर से हराना होगा और साथ ही यह उम्मीद करनी होगी कि इंग्लैंड न्यूज़ीलैंड को बड़े अंतर से हराकर उनका रन रेट नीचे गिरा दे।

खतरे की घंटी: जब मैच से पहले ही बाहर हो जाएगा पाकिस्तान

पाकिस्तान के लिए सबसे डरावना सपना यह होगा कि न्यूज़ीलैंड अपने अगले दोनों मुकाबले (श्रीलंका और इंग्लैंड के खिलाफ) जीत ले। अगर ऐसा होता है, तो न्यूज़ीलैंड के 5 अंक हो जाएंगे और वह इंग्लैंड के साथ सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाएगा। ऐसी स्थिति में 28 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ होने वाला पाकिस्तान का आखिरी मैच सिर्फ एक औपचारिकता बनकर रह जाएगा और पाकिस्तान मैच से पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा।

कप्तान सलमान अली आगा की टीम के लिए अब हर पल भारी है। पाकिस्तान को न केवल पल्लेकेले में श्रीलंका के खिलाफ एक धमाकेदार जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि कोलंबो में होने वाले मैचों पर भी अपनी नज़रें गड़ाए रखनी होंगी। क्या पाकिस्तान कोई करिश्मा कर पाएगा या इस वर्ल्ड कप में उसका सफर सुपर-8 में ही थम जाएगा? यह तो आने वाले तीन दिन तय करेंगे।

Read More
Next Story