T-20 World Cup: श्रीलंका बाहर, पाकिस्तान अब भी रेस में! जानिए सेमीफाइनल का समीकरण
x

T-20 World Cup: श्रीलंका बाहर, पाकिस्तान अब भी रेस में! जानिए सेमीफाइनल का समीकरण

न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 61 रन से हराकर उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है। ग्रुप बी में इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। श्रीलंका की हार ने पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लेकिन अब भी पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंच सकता है।


Pakistan Semi Final Equation: कोलंबो के मैदान पर 25 फरवरी को खेले गए मुकाबले ने ग्रुप B की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 61 रनों के बड़े अंतर से मात देकर उसे टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। श्रीलंका के लिए यह एक बड़ा झटका है, क्योंकि T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह लगातार 5वीं बार है जब वे सेमीफाइनल तक नहीं पहुँच सके हैं। श्रीलंका तो बाहर हो गई, लेकिन असली रोमांच अब शुरू हुआ है। पाकिस्तान के फैंस के मन में अब एक ही सवाल है- क्या पाकिस्तान अभी भी सेमीफाइनल खेल सकता है? जवाब है, जी हाँ! लेकिन रास्ता काँटों भरा है और कुदरत के निजाम के साथ-साथ पाकिस्तान को कुछ खास समीकरणों की भी जरूरत होगी।

न्यूजीलैंड ने बढ़ाई टेंशन

न्यूजीलैंड की बड़ी जीत ने पाकिस्तान की राह मुश्किल कर दी है। फिलहाल स्थिति कुछ ऐसी है-न्यूजीलैंड: 2 मैचों के बाद 3 अंक और शानदार रन रेट (+3.050)। पाकिस्तान: फिलहाल सिर्फ 1 अंक और नेट रन रेट बेहद खराब (-0.461)। इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुका है, अब लड़ाई सिर्फ दूसरे स्थान के लिए है।

पाकिस्तान के लिए 'गुड न्यूज' क्या है?

पाकिस्तान के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि उसे अपना आखिरी मैच (28 फरवरी बनाम श्रीलंका) तब खेलना है, जब उसे पूरा गणित पता होगा। 27 फरवरी को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला होना है। इस मैच के नतीजे के बाद पाकिस्तान को पता होगा कि उसे श्रीलंका को कितने रनों या कितने ओवर पहले हराना है ताकि उसका नेट रन रेट न्यूजीलैंड से ऊपर निकल जाए।

कैसे खुलेगी पाकिस्तान की किस्मत?

पाकिस्तान के सेमीफाइनल में पहुँचने के लिए दो बड़ी कंडीशन्स हैं-

पहली शर्त: इंग्लैंड को न्यूजीलैंड को हराना होगा। अगर न्यूजीलैंड यह मैच जीत जाता है, तो पाकिस्तान सीधा बाहर हो जाएगा।

दूसरी शर्त: पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ एक विशाल जीत दर्ज करनी होगी।

नेट रन रेट का गणित:

अगर इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 15 रन से हराया, तो पाकिस्तान को सेमीफाइनल में जाने के लिए श्रीलंका को कम से कम 55 रन से हराना होगा। अगर इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को केवल 1 रन से हराया, तो पाकिस्तान की चुनौती और बढ़ जाएगी। ऐसी स्थिति में उसे श्रीलंका को कम से कम 69 रन से शिकस्त देनी होगी। कुल मिलाकर, पाकिस्तान की तकदीर अब इंग्लैंड की जीत और अपने शानदार प्रदर्शन पर टिकी है। क्या बाबर आजम की सेना एक बार फिर चमत्कार कर पाएगी? यह देखना दिलचस्प होगा।

Read More
Next Story