
T20WorldCup2026 : न्यूजीलैंड की फाइनल में धमाकेदार एंट्री, दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से रौंदा
कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान में खेले गए इस पहले सेमीफाइनल मुकाबले को न्यूजीलैंड ने एकतरफा बना दिया। जीत के लिए 170 रनों के लक्ष्य को न्यूजीलैंड ने 13वें ओवर में ही आसानी से हासिल कर लिया।
न्यूजीलैंड की टीम टी20 वर्ल्ड कप-2026 के फाइनल में पहुंच गई है। फाइनल में पहुंचने वाली वो पहली टीम बन गई है। कोलकाता में हुए इस पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी को कुचलते हुए 9 विकेट से जीत हासिल कर ली। फिन एलन ने महज 33 गेंदों में तूफानी शतक बनाकर सनसनी फैला दी। उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप की सबसे तेज़ सेंचुरी जड़ी। अब फाइनल में न्यूजीलैंड का मुकाबला 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।
पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड दक्षिण अफ्रीका पर पूरी तरह से हावी रही। उसने अफ्रीकी टीम को हर मोर्चे पर पछाड़ा। दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए निर्धारित 20 ओवरों में 170 रन बनाने का लक्ष्य दिया, लेकिन न्यूजीलैंड की टीम ने यह लक्ष्य 13वें ओवरों में सिर्फ विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।
स्कोर का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत बहुत ताबड़तोड़ रही। टिम सेफर्ट और फिन एलन ने दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की बॉलिंग की धज्जियां उड़ा दीं। जहां चाहा, वहां शॉट खेले और रन हासिल किए। न्यूजीलैंड की बल्लेबाज़ी ने इस मुकाबले में कैसे दबदबा बनाए रखा, इसे इसी से समझ सकते हैं कि न्यूजीलैंड का पहला विकेट 117 रन पर गिरा और इतने रन न्यूजीलैंड के ओपनरों ने सिर्फ 9 ओवर में ही बना लिए थे।
33 गेंदों में 58 रन बनाने वाले सेफर्ट के आउट होने के बाद फिन एलन ने अपनी रफ्तार धीमी नहीं पड़ने दी और उन्होंने 13वें ओवर की पांचवीें गेंद पर चौका जड़कर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। एलन ने महज 33 गेंदों में 10 चौके और 8 छक्के जड़कर सेंचुरी ठोकी। वह 100 रन पर नॉटआउट रहे। उनके साथ रचिन रविंद्र 13 रन बनाकर नॉटआउट रहे।
इससे पहले टॉस हार कर पहले खेलने वाली दक्षिण अफ्रीका की टीम आज कहीं भी रंग में नहीं दिखाई दी। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने उन्हें बांधे रखा। 12 रन पर उसके दो विकेट गिर चुके थे। उसके बल्लेबाज रन बनाने के लिए जूझते रहे। आखिर में जरूर जॉनसन ने कुछ अच्छे हाथ दिखाए और महज 30 गेंदों में 55 रन ठोके लेकिन वो दक्षिण अफ्रीका को एक बड़े स्कोर तक पहुंचाने में नाकाम रहे।
दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवरों में 8 विकेट पर 169 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड ने 13वें ओवर में 173 रन बनाकर सेमीफाइनल जीत लिया।

