
T-20 World Cup 2026: क्या फिर होगा भारत-पाकिस्तान महामुकाबला? जानिए पूरा समीकरण
मौजूदा टी-20 वर्ल्ड कप में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच सुपरहिट मुकाबला देखने को मिल सकता है। कब, कहां और कैसे ये ममुकिन होगा? क्या रहेगा इस महामुकाबले के लिए पूरा समीकरण?
IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को टीम इंडिया ने पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 61 रनों से मात दी। भले ही पाकिस्तान को टीम इंडिया से हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन इस टूर्नामेंट में एक बार फिर से भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला देखने को मिल सकता है। कब, कहां और कैसे ये मुमकिन होगा और क्या होगा इसकी पूरा का पूरा समीकरण? चलिए आपको बताते हैं-
कैसे मुमकिन है IND vs PAK की दोबारा टक्कर?
भारत और पाकिस्तान एक बार फिर मैदान पर आमने-सामने हों, इसके लिए सबसे पहली शर्त यह है कि दोनों टीमें 'सुपर-8' स्टेज में पहुंचें। भारत पहले ही अपना टिकट पक्का कर चुका है, लेकिन पाकिस्तान के लिए अगला मैच 'करो या मरो' जैसा है। पाकिस्तान को सुपर-8 में जाने के लिए नामीबिया को हर हाल में हराना होगा। नामीबिया को हराते ही पाकिस्तान सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर जाएगा। लेकिन अब टी-20 वर्ल्ड कप में कैसे होगा भारत-पाकिस्तान महामुकाबला? इसको जानने के लिए पहले आपको प्वॉइंट्स टेबल को समझना होगा।
कैसा है प्वॉइंट्स टेबल का हाल?
ग्रुप ए में भारत 3 मैचों में 6 अंकों के साथ टॉप पर है। वहीं पाकिस्तान 3 मैचों में 4 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर है। अगर पाकिस्तान नामीबिया को हरा देता है, तो वह बेहतर रन रेट के साथ यूएसए को पछाड़कर दूसरे नंबर पर जाएगा और सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर लेगा।
सुपर-8 के संभावित ग्रुप:
अगर समीकरण सही रहे, तो सुपर-8 के दो ग्रुप कुछ इस तरह हो सकते हैं-
ग्रुप-1: भारत, ज़िम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका
ग्रुप-2: इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका
सेमीफाइनल में कैसे होगी भिड़ंत?
सुपर-8 स्टेज पर भारत और पाकिस्तान अलग-अलग ग्रुप में होंगे, इसलिए वहां उनकी टक्कर नहीं होगी। लेकिन असली रोमांच सेमीफाइनल में शुरू होगा। अगर टीम इंडिया अपने ग्रुप (ग्रुप-1) में टॉप पर रहती है। और पाकिस्तान अपने ग्रुप (ग्रुप-2) में दूसरे नंबर पर रहता है। तो इन दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वियों के बीच सेमीफाइनल में जोरदार मुकाबला देखने को मिलेगा। इतना ही नहीं, अगर दोनों टीमें अपने-अपने ग्रुप में टॉप पर रहती हैं और अपने सेमीफाइनल मैच जीत लेती हैं, तो फिर हमें वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत-पाकिस्तान का महासंग्राम देखने को मिल सकता है। यानी फैंस के लिए अभी पिक्चर बाकी है!

