
T20WorldCup : टीम इंडिया ने जीत के साथ की शुरुआत, अमेरिका को 29 रन से हराया
भारत जैसी हैवीवेट टीम के साथ अमेरिका जीत नहीं पाया, लेकिन उसके गेंदबाजों ने टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा ली। कप्तान सूर्य कुमार यादव की 84 रनों की नाबाद पारी की बदौलत भारत सम्मानजनक स्कोर बना पाया
भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में जीत के साथ बोहनी कर दी है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए अपने पहले मुकाबले में भारत ने अमेरिका को 29 रन से हरा दिया। भारत ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट पर 161 रन बनाए। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए अमेरिका की टीम 20 ओवरों में 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी।
भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। जबकि अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट झटके। वरुण चक्रवर्ती को 1 विकेट मिला। अमेरिका की टीम में टॉप स्कोरर तीनों खिलाड़ी भारतीय मूल के रहे। संजय कृष्णमूर्ति और शुभम रंजाने ने 37-37 रन बनाए तो मिलिंद कुमार ने 34 रन बनाए।
अमेरिका को शुरुआती तीन ओवर में जो तीन झटके लगे, उससे वो आगे उबर नहीं पाया। अमेरिका का पहला विकेट 8 रन पर, दूसरा विकेट 11 रन पर और तीसरा विकेट 13 रन पर गिर गया था। उसके बाद चौथे विकेट के लिए मिलिंद कुमार और संजय कृष्णमूर्ति के बीच 58 रन की साझेदारी हुई। अमेरिका की पारी में यही सबसे बड़ी पार्टनरशिप हुई। अमेरिका की टीम आखिरकार 20 ओवरों में निर्धारित लक्ष्य से 29 रन पीछे रह गए और 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी।
हालांकि अमेरिका जैसी नौसिखिया टीम के साथ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया यह मुकाबला भारत के लिए उतना आसान भी नहीं रहा। भारत के धुरंधर बल्लेबाजों ने इस मैच में निराश ही किया। अभिषेक शर्मा शून्य, शिवम दुबे शून्य, रिंकू सिंह 6 रन, हार्दिक पांड्या 5 रन,ईशान किशान 16 गेंद में 20 रन। नौसिखिया टीम अमेरिका के सामने भारतीय बल्लेबाजों ने कितना लचर क्रिकेट खेला, इन स्टार खिलाड़ियों के स्कोर से आप इसका अंदाजा लगा सकते हैं। सूर्य कुमार यादव न चमके होते तो टीम इंडिया टक्कर लायक स्कोर भी नहीं बना पाती।
वरना तो टी-20 वर्ल्ड कप-2026 के अपने पहले मैच में अमेरिका की टीम ने तूफानी क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों से लैस भारतीय टीम के एक समय पसीने छुटा दिए थे। अमेरिका ने इतनी कसी हुई गेंदबाजी और कसी हुई फील्डिंग की कि एक समय तो आधी भारतीय टीम 12वें ओवर में 72 रन बनाकर आउट हो गई थी। ऐसे नाजुक मौके पर कप्तान सूर्य कुमार यादव ने एक छोर संभाले रखा और भारतीय पारी के आखिरी हिस्सो में हाथ खोले।
सूर्य कुमार यादव ने 49 गेंदों पर 84 रन की पारी के साथ नॉट आउट लौटे। उनके अलावा तिलक वर्मा ने 16 गेंदों में 25 रन और तूफानी फॉर्म में चल रहे ईशान किशन 16 गेंदों पर सिर्फ 20 रन ही बना सके। अमेरिका की टीम ने बेहद कसी हुई गेंदबाज़ी और सटीक फील्डिंग की। उनकी गेंदबाजी कितनी अनुशासित थी इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि उन्होंने पूरी पारी में सिर्फ 3 एक्स्ट्रा रन दिए।
अमेरिका के गेंदबाजों ने अपनी धीमी गेंदों पर भारत के तूफानी बल्लेबाजों को बहुत बुरा फंसाया। वरना तो ये वही बल्लेबाज हैं, जिन्होंने कुछ दिन पहले ही न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज़ में सनसनीखेज बल्लेबाजी की थी।
अमेरिका के साथ इस जीत में कप्तान सूर्य कुमार यादव की पारी का सबसे महत्वपूर्ण योगदान रहा और वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

