
IPL 2026: किंग कोहली का बड़ा खुलासा, '18 साल के करियर में इन 3 गेंदों ने सबसे ज्यादा तड़पाया'
IPL 2026 का आगाज़ 28 मार्च से होने वाला है। इस टूर्नामेंट का पहला मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा।
IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का रोमांच शुरू होने में अब बस कुछ ही दिन बचे हैं। शनिवार, 28 मार्च से बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच होने वाले ओपनिंग मैच से पहले, किंग कोहली ने पिछले साल की उस ऐतिहासिक जीत को याद किया है जिसने करोड़ों फैंस का सपना पूरा किया।
18 साल का इंतजार और वो जादुई रात
विराट कोहली, जो आईपीएल के पहले दिन से ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा रहे हैं, ने 2025 की खिताबी जीत को अपने जीवन का सबसे अविश्वसनीय पल बताया। उन्होंने कहा, "वह रात हम सबके लिए बहुत खास थी। मैं और टीम के मसाजर रमेश माने शायद इस ग्रुप के सबसे पुराने सदस्य हैं। हमने वह सब कुछ देखा है जो इस फ्रेंचाइजी ने पिछले 18 वर्षों में झेला है।" गौरतलब है कि पिछले साल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में RCB ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 6 रनों से हराकर अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था।
फाइनल का वो दबाव
कोहली ने उस फाइनल मैच की मानसिक स्थिति के बारे में बात करते हुए कहा, "जब हम फाइनल में पहुंचे, तो मेरे अंदर एक शांत आत्मविश्वास था। लेकिन आप यह भी जानते हैं कि फाइनल कभी आसान नहीं होता। पंजाब किंग्स भी बहुत अच्छा खेलकर वहां पहुंची थी और उन्होंने कई दिग्गज टीमों को हराया था।"
विराट ने आगे कहा कि पिछले 18 सालों में कई बार फाइनल के करीब पहुंचकर हार जाने के कड़वे अनुभवों ने ही उन्हें इस बार धैर्य रखने की प्रेरणा दी। "हमारा इतिहास हमें याद दिला रहा था कि हम पहले भी कई बार चूक चुके हैं। इसी बात ने हमें नर्व्स पर कंट्रोल रखने की एक्स्ट्रा मोटिवेशन दी। हम जानते थे कि हम तुक्के से वहां नहीं पहुंचे हैं, हमने हक से वो जगह कमाई थी।"
अंतिम 10 मिनट और 18 सालों की यादें
मैच के आखिरी पलों को याद करते हुए कोहली भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि जब जीत करीब दिख रही थी, तो पिछले 18 सालों का पूरा सफर उनकी आंखों के सामने एक फिल्म की तरह चलने लगा। "सारे उतार-चढ़ाव, अच्छे और बुरे पल, सब कुछ उन आखिरी 10 मिनटों में सिमट आया था। इसे शब्दों में समझाना मुश्किल है, यह केवल महसूस किया जा सकता है।"
आखिरी ओवर का तनाव
विराट ने खुलासा किया कि मैच का सबसे कठिन हिस्सा वह नहीं था जब मैच फंस रहा था, बल्कि वह था जब जीत तय दिख रही थी। उन्होंने कहा, "जोश हेज़लवुड आखिरी ओवर फेंक रहे थे। मुझे पूरा भरोसा था कि वह नो-बॉल नहीं फेकेंगे, लेकिन फिर भी दिल के किसी कोने में धड़कनें तेज थीं। जब आप जानते हैं कि गेम अब विपक्षी टीम की पहुंच से बाहर है, तब उन आखिरी 3 गेंदों का इंतजार करना उस पूरी रात का सबसे कठिन हिस्सा था।"
अब, 2026 के नए सीजन में आरसीबी डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में मैदान पर उतरेगी। क्या कोहली और उनकी टीम इस खिताब को बरकरार रख पाएगी? इसकी शुरुआत 28 मार्च को चिन्नास्वामी के शोर के साथ होगी।

