
रातोंरात गायब होने के बाद विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट बहाल, फैंस को राहत
भ्रम इसलिए बढ़ा क्योंकि इस दौरान न तो विराट कोहली की ओर से और न ही उनके प्रतिनिधियों या इंस्टाग्राम की ओर से अकाउंट से ही अस्थायी रूप से ऑफलाइन होने को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया।
भारत के दिग्गज क्रिकेट स्टार विराट कोहली भले ही अभी क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं, लेकिन आज चर्चा उन्हीं की हो रही है। इसकी वजह है 27 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स वाला उनका वेरिफाइड इंस्टाग्राम अकाउंट, जोकि अचानक गायब हो गया था। उनके फैंस सर्च करते रह गए, लेकिन कोहली का इंस्टाग्राम अकाउट मिल ही नहीं पाया। अकाउंट खोलने की कोशिश करने पर यूजर्स को 'This page isn’t available' का संदेश मिल रहा था। इसके बाद ऑनलाइन कई तरह की अटकलें लगने लगीं।
हालांकि कुछ ही घंटों के बाद विराट कोहली का वेरिफाइड इंस्टाग्राम अकाउंट दोबारा बहाल हो गया। अकाउंट के फिर से एक्टिव होते ही उनके करोड़ों फॉलोअर्स ने राहत की सांस ली, क्योंकि सोशल मीडिया पर इसे लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं।
इस दौरान न तो विराट कोहली की ओर से और न ही उनके प्रतिनिधियों या इंस्टाग्राम की ओर से अकाउंट से ही अस्थायी रूप से ऑफलाइन होने को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह किसी तकनीकी गड़बड़ी का नतीजा था या फिर किसी अन्य वजह से अकाउंट थोड़ी देर के लिए बंद रहा।
दिलचस्प बात यह रही कि इसी समय विराट कोहली के भाई विकास कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट भी अनुपलब्ध दिखा, जिससे भ्रम और बढ़ गया। कोहली के अकाउंट के गायब रहने के दौरान फैंस अपडेट के लिए उनकी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पहुंच गए। उनकी हालिया पोस्ट्स पर फिक्र भरे सवालों और मजाकिया टिप्पणियों की बाढ़ आ गई। हालांकि, अनुष्का शर्मा ने इन पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और निजी जीवन को लेकर चुप्पी बनाए रखी।
जैसे ही विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट दोबारा सक्रिय हुआ, सोशल मीडिया पर चल रही अटकलें भी धीरे-धीरे थम गईं।

