IND vs PAK मैच में क्यों उस्मान तारिक को देर से कराई गेंदबाज़ी? कोच ने बताई हैरान करने वाली वजह
x

IND vs PAK मैच में क्यों उस्मान तारिक को देर से कराई गेंदबाज़ी? कोच ने बताई हैरान करने वाली वजह

उस्मान तारिक ने भारत के खिलाफ शानदार गेंदबाज़ी की। उन्होंने सूर्यकुमार यादव को आउट किया और 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट लिया। लेकिन पाकिस्तान ने उन्हें 11वें ओवर में गेंदबाज़ी क्यों करवाई?


Usman Tariq In IND vs PAK: T-20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से मात देकर सुपर-8 स्टेज में अपनी जगह पक्की कर ली। टीम इंडिया ने इस मुकाबले में पाकिस्तान के सामने 176 रनों का लक्ष्य रखा था, लेकिन पाकिस्तान की टीम सिर्फ 114 रनों पर सिमट गई और भारत ने इस मुकाबले को बड़ी ही आसानी से जीत लिया। इस मैच से पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी और रहस्यमय स्पिनर उस्मान तारिक को लेकर काफी ज़्यादा चर्चा हो रही थी, लेकिन भारत के खिलाफ वो मैच विनिंग प्रदर्शन करने में नाकाम रहे। मैच के बाद पाकिस्तान के हेड कोच माइक हेसन ने बताया कि टीम ने उस्मान तारिक को देर से गेंदबाज़ी क्यों करवाई? इस मुकाबले में तारिक को पाकिस्तान का बड़ा हथियार माना जा रहा था, लेकिन उन्हें 11वें ओवर में उतारा गया, तब तक ईशान किशन ने भारत को मजबूत शुरुआत दे दी थी।

कैसा रहा तारिक का प्रदर्शन?

देर से गेंदबाजी करने के बावजूद तारिक ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सूर्यकुमार यादव को आउट किया और 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट लिया। लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तान को 61 रन से हार का सामना करना पड़ा। हेसन ने कहा कि तारिक तब सबसे ज्यादा प्रभावशाली होते हैं जब बल्लेबाज उन पर हमला करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पावरप्ले के बाद टीम ने अबरार अहमद और शादाब खान पर भरोसा किया कि वे प्रभाव डालेंगे। लेकिन वो ऐसा नहीं कर पाए। माइक हेसन ने तारिक को लेकर कहा कि 'उस्मान का हमारे लिए एक विशेष रोल है और वह तब शानदार होते हैं जब बल्लेबाज उन पर अटैक करते हैं। क्या वह पावरप्ले के बाद गेंदबाजी कर सकते थे? हाँ। लेकिन अबरार अहमद और शादाब खान ने पावरप्ले के बाद अच्छा काम किया। उनके एक ओवर में लंबाई सही नहीं रही, लेकिन मैं किसी भी दिन उन पर भरोसा करूंगा। आज यह काम नहीं आया।'

क्या पाकिस्तान ने टॉस में गलती की?

मैच से पहले, प्रेमदासा स्टेडियम में सभी तीन मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने जीते थे। इसके बावजूद पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हेसन ने टॉस की अहमियत को कम करते हुए कहा कि असली फर्क मैदान पर प्रदर्शन और ईशान किशन के 40 गेंदों में 77 रन बनाने से पड़ा। उन्होंने कहा, ' पहली पारी में गेंद ज़्यादा स्पिन नहीं हुई, लेकिन दूसरी पारी में स्पिनर्स को ज़्यादा घुमाव मिला। पहले गेंदबाज़ी का फैसला सही था। यह टॉस का मसला नहीं था, जिस तरह से पहले 6 ओवर में ईशान किशन ने प्रदर्शन किया, वो फर्क रहा।'

कैसे सुपर-8 में पहुंचेगा पाकिस्तान?

भारत से मिली इस हार के बाद पाकिस्तान की मुश्किलें जरुर बढ़ी हैं। अब पाकिस्तान अंक तालिका में तीसरे स्थान पर आ गया और उनका नेट रन रेट -0.403 हो गया। अब उन्हें 18 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ आखिरी लीग मैच जीतना होगा ताकि सुपर 8 में जगह बना सकें।

Read More
Next Story