Year Ender 2025: बैट, स्टिक और बिसात पर भारत का राज, खेलों का रहा सुनहरा साल
x

Year Ender 2025: बैट, स्टिक और बिसात पर भारत का राज, खेलों का रहा सुनहरा साल

Indian Sports 2025: साल 2025 ने यह साबित कर दिया कि भारत अब सिर्फ प्रतिभा का देश नहीं, बल्कि खेल महाशक्ति बनने की ओर तेज़ी से बढ़ता राष्ट्र है। यह साल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा, आत्मविश्वास और उम्मीद बनकर हमेशा याद रखा जाएगा।


Click the Play button to hear this message in audio format

Year-end Sports Review: साल 2025 भारतीय खेल इतिहास में एक यादगार और ऐतिहासिक साल बन गया। इस साल भारत के खिलाड़ियों ने क्रिकेट मैदान से लेकर एथलेटिक्स, शतरंज, हॉकी, बॉक्सिंग और पैरा-स्पोर्ट्स तक हर जगह शानदार प्रदर्शन किया। ये जीतें सिर्फ पदक या ट्रॉफी नहीं थीं, बल्कि यह दिखाती हैं कि भारत का खेल ढांचा मजबूत हो रहा है, खिलाड़ियों को अच्छा प्रशिक्षण मिल रहा है और नई पीढ़ी आत्मविश्वास से भरी हुई है। आइए जानते हैं 2025 की उन बड़ी उपलब्धियों के बारे में, जिन्होंने भारत को खेलों की दुनिया में नई पहचान दी।

क्रिकेट: भारत का दबदबा बरकरार

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025

मार्च 2025 में दुबई में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूज़ीलैंड को हराकर तीसरी बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती। यह जीत खास इसलिए थी, क्योंकि भारत ने पहली बार किसी आईसीसी फाइनल में न्यूज़ीलैंड को हराया। पूरे टूर्नामेंट में भारत एक भी मैच नहीं हारा। फाइनल में शानदार अर्धशतक लगाने वाले रोहित शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

एशिया कप 2025: भारत–पाकिस्तान मुकाबले का रोमांच

एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर नौवीं बार खिताब अपने नाम किया। तिलक वर्मा की नाबाद पारी ने इस जीत को खास बना दिया। भारत ने पूरे टूर्नामेंट में पाकिस्तान को तीन बार हराया, जिससे यह एशिया कप बेहद यादगार बन गया।

महिला क्रिकेट का सुनहरा इतिहास

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने पहली बार आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप जीता। फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर मिली यह जीत महिला क्रिकेट के लिए 1983 पुरुष विश्व कप जैसी ऐतिहासिक मानी गई। इस जीत ने देश की लाखों लड़कियों को खेलों के लिए प्रेरित किया।

टेस्ट क्रिकेट में झटका और वापसी

टेस्ट क्रिकेट में भारत को झटका लगा, जब दक्षिण अफ्रीका ने 25 साल बाद भारत में टेस्ट सीरीज 2-0 से जीत ली। गुवाहाटी में 408 रन की हार भारत की सबसे बड़ी घरेलू हार बनी। हालांकि, साल के अंत में भारत ने शानदार वापसी की। वनडे सीरीज 2-1 से जीती और टी20 सीरीज 3-1 से अपने नाम की। इससे साबित हुआ कि सीमित ओवरों में भारत अब भी दुनिया की मजबूत टीमों में से एक है।

शतरंज: दिव्या देशमुख का ऐतिहासिक कारनामा

भारतीय शतरंज को 2025 में नया सितारा मिला। दिव्या देशमुख ने महिला विश्व कप के फाइनल में कोनेरू हंपी को हराकर खिताब जीता। वह भारत की चौथी महिला ग्रैंडमास्टर बनीं और इस टूर्नामेंट में भारत को पहली बार जीत दिलाई।

एथलेटिक्स: नए रिकॉर्ड बने

भारतीय एथलीटों ने कई नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए:-

100 मीटर: अनिमेष कुजूर– 10.18 सेकंड

जैवलिन थ्रो: नीरज चोपड़ा – 90.23 मीटर

3000 मीटर: गुलवीर सिंह– 7:34.49

डेकैथलॉन: तेजस्विन शंकर– 7826 अंक

पैरा-एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन

नई दिल्ली में हुई वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने 6 स्वर्ण, 9 रजत और 7 कांस्य सहित कुल 22 पदक जीतकर पदक तालिका में 10वां स्थान हासिल किया।

बॉक्सिंग: भारत की ताकत

जैस्मीन लांबोरिया ने 57 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। नूपुर ने +80 किग्रा वर्ग में रजत पदक हासिल किया। यह भारत के सबसे सफल बॉक्सिंग अभियानों में से एक रहा।

बैडमिंटन और पैरा-बैडमिंटन

लक्ष्य सेन ने ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर 500 जीतकर शानदार वापसी की। एशियन पैरा-बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारत ने 27 पदक, जिनमें 4 स्वर्ण शामिल थे, जीतकर रिकॉर्ड बनाया।

हॉकी: एशिया कप जीत

राजगीर (बिहार) में खेले गए एशिया कप फाइनल में भारत ने कोरिया को 4-1 से हराकर चौथी बार खिताब जीता। इस जीत से भारत ने 2026 हॉकी वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई किया। दिलप्रीत ने दो गोल कर प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता। जूनियर हॉकी में भी भारत ने 9 साल बाद ब्रॉन्ज मेडल जीता।

अन्य बड़ी उपलब्धियां

⦁ भारत ने पहला स्क्वैश विश्व कप जीता।

⦁ वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल्स में 9 स्वर्ण पदक।

⦁ एशियन यूथ गेम्स में 48 पदक।

⦁ राष्ट्रीय खेल नीति 2025 को मंजूरी।

⦁ डेफलिंपिक्स में प्रांजलि धूमल का स्वर्ण।

⦁ महिला फुटबॉल टीम ने एएफसी एशियन कप के लिए क्वालिफाई किया।

⦁ ई-स्पोर्ट्स टीम S8UL को दो बड़े राष्ट्रीय सम्मान।

रोहन बोपन्ना का संन्यास

भारतीय टेनिस के दिग्गज रोहन बोपन्ना ने लगभग 20 साल के शानदार करियर के बाद पेशेवर टेनिस से संन्यास लिया।

Read More
Next Story