5.4 तीव्रता वाले भूकंप से दहला कोलकाता, दहशत से लोग घर के बाहर निकले
x

5.4 तीव्रता वाले भूकंप से दहला कोलकाता, दहशत से लोग घर के बाहर निकले

Kolkata में 5.4 तीव्रता का भूकंप महसूस हुआ। भूकंप का केंद्र बांग्लादेश में था। लोग घर-दफ्तरों से बाहर निकले, फिलहाल नुकसान की खबर नहीं।


पश्चिम बंगाल की राजधानी Kolkata में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.4 दर्ज की गई। अचानक आए झटकों से लोगों में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी के बीच लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, भूकंप का केंद्र पड़ोसी देश बांग्लादेश में था। बताया जा रहा है कि इसका केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे और कोलकाता से लगभग 100 किलोमीटर उत्तर दिशा में स्थित था। झटके कुछ सेकंड तक ही महसूस किए गए, लेकिन ऊंची इमारतों में इनका असर ज्यादा रहा।



शहर के कई इलाकों से फर्नीचर, खिड़कियों और छत के पंखों के हिलने की खबरें सामने आईं। कई दफ्तरों में कर्मचारियों ने एहतियात के तौर पर तुरंत इमारतें खाली कर दीं और खुले स्थानों पर इकट्ठा हो गए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोग इमारतों से बाहर निकलकर सड़कों और पार्कों में खड़े नजर आए।

कोलकाता की रहने वाली स्वागता ने कहा कि हम अपने सोफे पर बैठे थे, तभी अचानक हमें झटके महसूस हुए। हम अपने घर से बाहर भागे। सोफा और पंखा हिल रहे थे, टेबल पर रखी एक बोतल नीचे गिर गई। हम सब नीचे भागे।

भूकंप कैसे आता है?

धरती की सतह कई टेक्टोनिक प्लेटों से बनी होती है, जो अंदर मौजूद गर्मी के कारण बेहद धीमी गति से लगातार खिसकती रहती हैं। जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं, एक-दूसरे से दूर होती हैं या ऊपर-नीचे रगड़ खाती हैं, तो उनके किनारों पर भारी दबाव और ऊर्जा जमा होने लगती है। दबाव बढ़ने पर चट्टानें अचानक टूटती या खिसकती हैं, जिससे ऊर्जा भूकंपीय तरंगों के रूप में बाहर निकलती है। यही तरंगें जब जमीन की सतह तक पहुंचती हैं, तो धरती हिलती है और भूकंप महसूस होता है।

Read More
Next Story