अखिलेश यादव : बीजेपी की गुप्त बैठक में बनी सपा के वोट काटने की रणनीति
x
अखिलेश यादव ने फिर एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाया

अखिलेश यादव : बीजेपी की गुप्त बैठक में बनी सपा के वोट काटने की रणनीति

अखिलेश यादव ने एक बार फिर फॉर्म 7 के ज़रिए ग़लत तरीक़े से नाम काटने का आरोप लगाते हुए कहा है कि बीजेपी की गुप्त बैठक में तय हुआ था कि जहाँ सपा मज़बूत है वहाँ नाम काटे जाएं।


समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर SIR पर सवाल उठाया है।अखिलेश ने कहा है कि सुनियोजित तरीके से सपा के क्षेत्र में नाम काटे जा रहे हैं।इसके लिए फॉर्म 7 पर फ़र्ज़ी हस्ताक्षर किए जा रहे हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने गुप्त बैठक में इसकी साज़िश की है जिससे चुनाव में सपा को नुक़सान पहुंचाया जा सके।सपा अध्यक्ष ने लखनऊ में पार्टी कार्यालय में अयोध्या ज़िले और बाबागंज, सकलडीहा जैसी विधानसभाओं के आँकड़े भी सामने रखे।

ज्यादातर पीडीए के लोगों को नोटिस मिला : अखिलेश-

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फिर SIR प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की प्रक्रिया और बीजेपी पर आरोप लगाया है कि गुप्त बैठक करके यह साज़िश की गई है और जानबूझकर सुनियोजित तरीके से सपा के वोटरों और उनके क्षेत्रों में नाम काटे जा रहे हैं।उनका कहना है कि चुनाव में विपक्ष को नुक़सान पहुँचाने के लिए ही ऐसा किया जा रहा है और ज्यादातर PDA के लोगों को ही नोटिस मिला है।अखिलेश यादव ने कुछ विधानसभाओं के आंकड़े सामने रखते हुए कहा कि ''फ़र्ज़ी तरीके से नाम काटे जा रहे हैं।आज हमारे पास बड़ा डेटा है।फ़र्ज़ी तरीके से फॉर्म 7 भरे गए हैं और फ़र्ज़ी दस्तखत से लोगों के नाम काटे गए जा रहे हैं।जहां सपा जीती,वहां नाम काटे जा रहे हैं।नोटिस मिलने वालों में PDA के 76 प्रतिशत लोग हैं।सपा विधायक की पत्नी का वोट कटवा दिया गया।ज्यादातर पीडीए के लोगों को नोटिस मिला है''

विधायक पत्नी, सपा जिलाध्यक्ष, बीएलए के नाम कटे-

अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा है कि चुनाव आयोग ने काम बढ़ा दिया।सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि ज्यादातर मुसलमानों के नाम काटे जा रहे हैं।एक वोटर के इसलिए नाम काटे गए क्योंकि उसके 6 बच्चे थे।अखिलेश यादव ने कई विधानसभाओं के आंकड़े सामने रखे।उन्होंने दावा किया कि बलिया के विधायक की पत्नी का नाम काट दिया गया। वहीं बाबागंज विधानसभा में बूथ नम्बर 365 पर फ़र्ज़ी तरीके से नाम काटे जा रहे हैं।साथ ही सकलडीहा विधानसभा में भी ग़लत तरीके से फॉर्म 7 भरकर नाम काटे गए है।अखिलेश यादव ने कहा कि बलिया के सिकंदरपुर विधायक की पत्नी का नाम काटा गया तो औरैया के सपा जिलाध्यक्ष का नाम भी काम दिया गया।यही नहीं भोजीपुरा विधानसभा में सपा के BLA अतीक अहमद का भी नाम काट दिया गया।सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि असली वोटरों के नाम हटाने की कोशिश हो रही है जिससे सपा को नुक़सान पहुंचाया जा सके।

अखिलेश ने पूछा, सपा की शिकायतों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?

अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से सवाल किया कि सपा की शिकायतों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है? साथ ही कहा कि अज्ञात व्यक्ति के नाम पर जो भी फॉर्म 7 भरे जा रहे हैं वो सब भाजपा के लोग हैं।यही नहीं अखिलेश यादव ने इटावा में वोट काटने की शिकायत करने पर सपा समर्थक प्रधान को पीटने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर कोई अपना वोट बचाने को कोशिश कर रहा है तो उसके साथ मारपीट हो रही है।योगी सरकार में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने इसपर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ‘अखिलेश यादव को एसआईआर फोबिया हो गया है।उनको एसआईआर के अलावा कुछ दिखाई नहीं देता।वह यह भूल जाते हैं कि यह इलेक्शन कमीशन का विषय है, सरकार का नहीं।’’

Read More
Next Story