
UP में फर्जी एनकाउंटर का खेल! अखिलेश ने BJP सरकार की मनमानी पर उठाए सवाल
fake encounter: अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार असली अपराधियों को बचाती है और पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है।
Akhilesh Yadav: इलाहाबाद हाई कोर्ट की मुठभेड़ों पर टिप्पणी के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सत्ता का दुरुपयोग करके निर्दोषों की जिंदगी और परिवार बर्बाद किए जा रहे हैं। ऐसे में अब सवाल उठता है कि क्या कानून हाथ से फिसल रहा है या सत्ता ही सब पर भारी है?
अखिलेश यादव ने केंद्र और उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर फर्जी एनकाउंटर करने का आरोप लगाया है। सपा प्रमुख ने कहा कि झूठे एनकाउंटर प्रशासन और कानून व्यवस्था को भ्रष्ट करते हैं। उन्होंने कहा कि कोर्ट के अलावा किसी और का सजा देना खुद में एक अपराध है। भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद बड़े पैमाने पर फर्जी एनकाउंटर हुए हैं, जिनमें कई निर्दोष लोगों की जिंदगी और परिवार बर्बाद हो गए।
सपा के बयान में यह भी कहा गया कि भाजपा सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल रहा। फर्जी एनकाउंटर के नाम पर हत्याएं हुई हैं और सरकार के इशारे पर पुलिस बेलगाम हो गई है। अब तो खुद कोर्ट को नाराजगी जतानी पड़ रही है।
असली अपराधियों को बचाती है भाजपा
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार असली अपराधियों को बचाती है और पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि संविधान और कानून का पालन नहीं हो रहा और भाजपा जनता में भय फैलाना चाहती है। सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि सरकार में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की तैनाती में भेदभाव होता है। सत्ता के संरक्षण में सरकार के चहेते पुलिसकर्मी मनमानी करते हैं और कानून को अपने हाथ में ले लेते हैं।
झांसी और नोएडा के उदाहरण
अखिलेश यादव ने झांसी में पुष्पेंद्र और नोएडा में फर्जी एनकाउंटर को उदाहरण के तौर पर पेश किया। उन्होंने चेतावनी दी कि वर्ष 2027 में जनता भाजपा के अन्यायी शासन का अंत कर देगी।

